Edited By Manisha rana, Updated: 29 Mar, 2026 09:11 AM

राज्यसभा चुनाव में पांच विधायकों की क्रास वोटिंग और चार विधायकों के वोट रद होने के बाद हरियाणा कांग्रेस में खींचतान बढ़ती जा रही है। रतिया के विधायक जरनैल सिंह और नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी के बाद अब साढ़ौरा की विधायक रेनू बाला ने भी कारण बताओ...
चंडीगढ़ (धरणी) : राज्यसभा चुनाव में पांच विधायकों की क्रास वोटिंग और चार विधायकों के वोट रद होने के बाद हरियाणा कांग्रेस में खींचतान बढ़ती जा रही है। रतिया के विधायक जरनैल सिंह और नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी के बाद अब साढ़ौरा की विधायक रेनू बाला ने भी कारण बताओ नोटिस का जवाब देते हुए क्रास वोटिंग से इंकार कर दिया है।
वहीं बागी तेवर दिखा रहे पुन्हाना के विधायक मोहम्मद इलियास ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भेंट के बाद अब केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात कर पाला बदलने की चर्चाओं को तूल दे दिया है। हथीन के विधायक मोहम्मद इजराइल के तेवर भी तीखे हैं, जिन्होंने अभी तक नोटिस का जवाब नहीं दिया। उधर, पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने साफ कर दिया कि पार्टी आलाकमान से क्लीन चिट मिलने तक किसी भी आरोपित विधायक को विधायक दल की बैठक सहित अन्य कार्यक्रमों में नहीं बुलाया जाएगा।
रेनू बाला ने कांग्रेस अनुशासन समिति को भेजे जवाब में दावा किया है कि उन्होंने अपना वोट कांग्रेस प्रत्याशी को ही दिया था। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी की वफादार हूं और मैंने कोई क्रास वोटिंग नहीं की। यदि पार्टी मेरे खिलाफ कोई एक्शन लेती है, तो स्वीकार करूंगी। आगे की रणनीति पर फैसला उसके बाद ही लेंगी।
मोहम्मद इलियास की केंद्रीय मंत्री और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात का फोटो इंटरनेट मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। हालांकि इन मुलाकातों को लेकर इलियास सार्वजनिक रूप से कुछ भी बोलने से इंकार कर रहे हैं। उन्हाेंने अभी तक कारण बताओ नोटिस का जवाब भी नहीं दिया है। मोहम्मद इसराइल पहले ही कह चुके हैं कि कांग्रेस की ओर से राज्यसभा सीट के लिए उम्मीदवार बनाए गए कर्मवीर बौद्ध मुझे पंसद नहीं थे। मैंने मन की आवाज पर वोट दिया। पार्टी अब अपने मन की कर ले।
कल होने वाली कांग्रेस विधायक दल की बैठक पर टिकी नजरें
बागी कांग्रेस विधायकों पर कार्रवाई को लेकर सभी की नजरें सोमवार को नई दिल्ली में होने वाली विधायक दल की बैठक पर टिकी हुई हैं, जिसमें अगली रणनीति पर चर्चा होगी। इस बैठक में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के शामिल होने की पूरी संभावना है। अप्रैल के पहले सप्ताह में चंडीगढ़ में अनुशासनात्मक कार्यवाही कमेटी की बैठक होगी, जिसमें कोई अंतिम निर्णय लेकर रिपोर्ट आलाकमान को भेजी जाएगी। बागी विधायकों पर कार्रवाई को लेकर कांग्रेस कई विकल्पों पर काम कर रही है। पांचों विधायकों को पार्टी से निलंबित किया जा सकता है। उन्हें संगठनात्मक पदों से हटाया जा सकता है। भविष्य में टिकट पर रोक या सख्त चेतावनी दी जा सकती है। फैसला इस बात पर निर्भर करेगा कि विधायकों के जवाब और उनका रुख पार्टी लाइन के साथ कितना मेल खाता है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)