2029 को लेकर CM नायब सैनी का बड़ा बयान, कहा- विकास और जनकल्याण के दम पर चौथी बार बनेगी भाजपा सरकार

Edited By Krishan Rana, Updated: 05 Jul, 2026 04:45 PM

cm nayab saini makes a major announcement regarding 2029 says the bjp governmen

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों, पारदर्शी प्रशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों, पारदर्शी प्रशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के बलबूते वर्ष 2029 में लगातार चौथी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता से किए वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया है, जबकि कांग्रेस के पास न नीति है और न ही कोई मुद्दा, वह केवल झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति करती है।

मुख्यमंत्री शनिवार को गांव भालड़, धनौरा जाटान और भैणी में आयोजित धन्यवाद कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने तीनों गांवों के विकास कार्यों के लिए कुल 1 करोड़ 8 लाख रुपये की घोषणाएं कीं। प्रत्येक गांव में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का पगड़ी पहनाकर तथा ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने 217 संकल्पों में से केवल 18 महीनों में 66 संकल्प पूरे कर दिए हैं, जबकि शेष 151 संकल्पों को भी इसी वर्ष पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचाना है।

गांव धनौरा जाटान में मुख्यमंत्री ने सरपंच सुभाषचंद द्वारा रखी गई नौ मांगों को विभागीय रिपोर्ट के बाद पूरा करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा पेयजल पाइपलाइन के लिए 21 लाख रुपये तथा अन्य विकास कार्यों के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि सरकार अब तक इस गांव में 92 लाख रुपये के विकास कार्य करा चुकी है।

गांव भालड़ में मुख्यमंत्री ने पेयजल पाइपलाइन के लिए 14 लाख रुपये तथा सामुदायिक केंद्र निर्माण के लिए 31 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही सरपंच बलकार द्वारा रखी गई सभी मांगों को पूरा करने का भरोसा दिया। उन्होंने बताया कि गांव में अब तक 44 लाख रुपये के विकास कार्य कराए जा चुके हैं।

गांव भैणी में मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा करते हुए बताया कि यहां पहले ही 46 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडवा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। नया लघु सचिवालय भवन निर्माणाधीन है तथा धनौरा जाटान के स्टेडियम का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। प्रदेश का कोई भी गांव या शहर ऐसा नहीं है, जहां मूलभूत सुविधाओं का विस्तार न किया जा रहा हो।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी अस्पतालों को निजी अस्पतालों जैसी सुविधाओं से सुसज्जित कर रही है। अब तक 16 अस्पतालों का उन्नयन किया जा चुका है और भविष्य में अन्य अस्पतालों को भी इस योजना में शामिल किया जाएगा। आयुष्मान भारत और चिरायु योजना के तहत प्रदेश के लगभग 1.5 करोड़ लाभार्थियों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिल रही है तथा 27 लाख परिवार इन योजनाओं का लाभ उठा चुके हैं। सरकार अब तक करीब 4500 करोड़ रुपये उपचार पर खर्च कर चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को बिना खर्ची और बिना पर्ची केवल योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। शपथ ग्रहण से पहले 25 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए थे और वर्तमान में पुलिस, फॉरेस्ट गार्ड, ग्रुप-डी तथा सहायक जिला न्यायवादी (एडीए) सहित विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "हर सिर पर छत" के संकल्प को साकार करते हुए प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में भूमिहीन गरीब परिवारों को 100-100 गज तथा शहरी क्षेत्रों में 30-30 गज के प्लॉट उपलब्ध करा रही है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को पक्के मकान भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, मुख्यमंत्री कार्यालय प्रभारी कैलाश सैनी, चेयरमैन सुभाष कलसाना, चेयरमैन रविंद्र सांगवान, मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी, जिला परिषद चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, चेयरमैन जसविंद्र जस्सी, विभिन्न मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!