PM Modi ने कुरुक्षेत्र को दी 617 करोड़ रुपये की दो बड़ी सौगातें, एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का लोकार्पण और हरियाणा के पहले सिख म्यूजियम का शिलान्यास

Edited By Harman, Updated: 17 Jul, 2026 05:36 PM

pm modi gifts two major projects worth 617 crore to kurukshetra

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा दौरे के दौरान कुरुक्षेत्र को करीब 617 करोड़ रुपये की दो महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात दी। जींद से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री ने 447 करोड़ रुपये की लागत से बने 5.84...

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा दौरे के दौरान कुरुक्षेत्र को करीब 617 करोड़ रुपये की दो महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात दी। जींद से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री ने 447 करोड़ रुपये की लागत से बने 5.84 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का वर्चुअल लोकार्पण किया तथा 170 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले हरियाणा के पहले सिख म्यूजियम का शिलान्यास किया।

एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के लोकार्पण के अवसर पर कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। सांसद नवीन जिंदल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम से पूर्व उन्होंने नए रेलवे स्टेशन और एलिवेटेड ट्रैक का निरीक्षण कर अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन की एंट्री व्यवस्था और बेहतर बनाने के सुझाव दिए। इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरियाणा के लिए 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है, जिससे प्रदेश के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र का एलिवेटेड रेलवे ट्रैक लंबे समय से शहरवासियों की मांग थी और इसके शुरू होने से वर्षों पुरानी ट्रैफिक समस्या का स्थायी समाधान होगा।

करीब 447 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के शुरू होने के साथ ही शहर के झांसा रोड, कच्चा घेर, शास्त्री मार्केट, एलएनजेपी अस्पताल के सामने तथा थर्ड गेट सहित पांच प्रमुख रेलवे फाटक स्थायी रूप से समाप्त हो गए हैं। अब ट्रेनें ऊंचे ट्रैक से गुजरेंगी, जिससे सड़क यातायात बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा। परियोजना के तहत प्रदेश का पहला एलिवेटेड रेलवे प्लेटफॉर्म भी विकसित किया गया है।

प्रधानमंत्री ने इसी अवसर पर हरियाणा के पहले सिख म्यूजियम का भी वर्चुअल शिलान्यास किया। लगभग 170 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक संग्रहालय कुरुक्षेत्र के उमरी रोड स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के समीप लगभग पांच एकड़ भूमि पर बनाया जाएगा। दो मंजिला इस संग्रहालय में प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी से लेकर दशम गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी तक के जीवन, शिक्षाओं, संघर्ष और योगदान को डिजिटल एवं इंटरएक्टिव तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।

संग्रहालय का डिजाइन भी आकर्षण का केंद्र होगा। भवन के ऊपर पगड़ी के आकार की विशेष संरचना बनाई जाएगी, जबकि परिसर में 15 मीटर ऊंचा घूमता हुआ धातु का खंडा साहिब स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा यहां आधुनिक इंटरएक्टिव गैलरियां, ऑडियो-वीडियो शो, डिजिटल डिस्प्ले, रिसर्च सेंटर, लाइब्रेरी, ऑडिटोरियम, ओपन एयर थिएटर, म्यूजिकल फाउंटेन तथा पार्किंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लगभग तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!