Edited By Harman, Updated: 16 Aug, 2026 03:25 PM

हरियाणा पुलिस के दूरसंचार विंग ने 400 विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के पूर्व सैनिकों के साथ भंग की जा चुकी हरियाणा राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (एचएसआईएसएफ)...
हरियाणा डेस्क : हरियाणा पुलिस के दूरसंचार विंग ने 400 विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के पूर्व सैनिकों के साथ भंग की जा चुकी हरियाणा राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (एचएसआईएसएफ) , हरियाणा सशस्त्र पुलिस (एचएपी) बटालियनों के पूर्व कांस्टेबल आवेदन कर सकेंगे। चयन के लिए कोई लिखित या शारीरिक परीक्षा नहीं होगी।
हरियाणा पुलिस अधिनियम, 2007 की धारा 21 के तहत की जा रही इस भर्ती में चयनित एसपीओ को 20,000 रुपये मासिक मानदेय मिलेगा। दूरसंचार उपकरण संभालने का अनुभव रखने वाले, विशेषकर सशस्त्र बलों या सीएपीएफ की सिग्नल कोर में सेवा दे चुके उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदक मान्यता प्राप्त बोडर् से 12वीं पास और विज्ञापन की तिथि को 25 से 50 वर्ष के बीच होना चाहिए। सशस्त्र बलों या सीएपीएफ के उम्मीदवारों के लिए कम से कम पांच वर्ष की सेवा जरूरी है। अनुशासनहीनता, कदाचार या चिकित्सकीय अयोग्यता के कारण सेवा से हटाए या बर्खास्त किए गए उम्मीदवार पात्र नहीं होंगे। नियुक्ति से पहले चिकित्सा जांच, चरित्र और पूर्ववृत्त तथा शैक्षणिक, आयु, जाति/श्रेणी सहित प्रमाणपत्रों का सत्यापन होगा। सेवामुक्ति के समय उम्मीदवार की चिकित्सा श्रेणी‘ए'और चरित्र प्रमाणपत्र‘उत्कृष्ट/अति उत्कृष्ट'होना चाहिए।
चयनित उम्मीदवारों को 15 दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। नियुक्ति एक वर्ष या नियमित नियुक्तियां होने तक, जो भी पहले हो के लिए होगी। इसके अलावा 3,000 रुपये का एकमुश्त वर्दी भत्ता मिलेगा। ड्यूटी के दौरान असाधारण साहस प्रदर्शित करते हुए कारर्वाई में मृत्यु होने पर 10 लाख रुपये अनुग्रह राशि का प्रावधान है। स्थायी दिव्यांगता पर एक से तीन लाख रुपये, गंभीर चोट पर अधिकतम एक लाख रुपये और प्राकृतिक मृत्यु पर परिवार को तीन लाख रुपये दिए जाने का प्रावधान है।
उम्मीदवारों को निर्धारित तिथि पर सुबह नौ बजे पुलिस लाइन दूरसंचार, सेक्टर-25 के सामने, गांव मोगीनंद के पास, पंचकूला में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल के लिए 24 अगस्त; सोनीपत, पानीपत, रोहतक, झज्जर, भिवानी और चरखी दादरी के लिए 25 अगस्त; गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात (नूंह), पलवल, रेवाड़ी और नारनौल के लिए 26 अगस्त तथा हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, हांसी, जींद और डबवाली के लिए 27 अगस्त की तारीख तय की गई है। अधूरे आवेदन या संबंधित जिले की निर्धारित तारीख के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उम्मीदवारों को मूल दस्तावेज, सत्यापित प्रतियों का निर्धारित सेट और चार पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो साथ लाने होंगे।