गुड़गांव में पुल टूटने से बह गई बाइक, 8 वर्षीय मासूम की मौत

Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 22 Jun, 2026 06:57 PM

bike swept away after bridge collapses in gurgaon 8 year old child dies

सोहना क्षेत्र के भोगपुर गांव के पास गुरुग्राम कैनाल पर बना अस्थायी पुल टूट गया। इस दौरान पुल से गुजर रही बाइक भी बह गई।बाइक पर सवार एक व्यक्ति और उसके तीन बच्चे नहर में गिर गए।

गुड़गांव, (ब्यूरो): सोहना क्षेत्र के भोगपुर गांव के पास गुरुग्राम कैनाल पर बना अस्थायी पुल टूट गया। इस दौरान पुल से गुजर रही बाइक भी बह गई।बाइक पर सवार एक व्यक्ति और उसके तीन बच्चे नहर में गिर गए। हादसे में पिता और दो बच्चों को स्थानीय लोगों ने समय रहते बचा लिया, जबकि आठ वर्षीय बच्चा तेज बहाव में बह गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस, प्रशासन और गोताखोरों की टीम बच्चे की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

जानकारी के अनुसार, भोगपुर गांव निवासी इस्लाम शनिवार रात अपने तीन बच्चों को दवा दिलाने के लिए सिलानी गांव गया था। दवा लेने के बाद वह बच्चों के साथ बाइक से वापस गांव लौट रहा था। भोगपुर मंडी के पास नहर पर बने अस्थायी पुल को पार करते समय बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सवार चारों लोग गहरे पानी में जा गिरे। हादसे के बाद बच्चों और पिता की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद इस्लाम तथा उसके दो बच्चों को नहर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, इस्लाम का आठ वर्षीय बेटा सद्दाम तेज पानी के बहाव में बह गया और कुछ ही देर में नजरों से ओझल हो गया।

 

सूचना मिलते ही सोहना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सोहना के एसीपी मुकेश यादव ने बताया कि लापता बच्चे सद्दाम की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों और आपदा प्रबंधन टीमों की सहायता से नहर में व्यापक खोज अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है, जबकि ग्रामीणों ने अस्थायी पुल पर तत्काल रेलिंग और अन्य सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है। इसके साथ ही लोगों ने संबंधित ठेकेदार व नहर सिंचाई विभाग के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की है।

 

घटना के बाद गांव में चिंता और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि नहर पर बना अस्थायी पुल लंबे समय से जर्जर हालत में है और उसके दोनों ओर न तो रेलिंग है और न ही कोई बैरिकेडिंग। ग्रामीण प्रताप ने आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। फिलहाल पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106, 3(5) के तहत केस दर्ज किया है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!