Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 08 Aug, 2026 04:20 PM

गुड़गांव में बारिश और जलभराव से बेहाल लोगों के लिए एक नई चुनौती आ गई है। बारिश के दौरान शहर की ज्यादातर सड़कें बारिश के पानी के साथ ही बह गई हैं जिसके कारण न केवल शहर में जाम लग रहा है बल्कि वाहन भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव में बारिश और जलभराव से बेहाल लोगों के लिए एक नई चुनौती आ गई है। बारिश के दौरान शहर की ज्यादातर सड़कें बारिश के पानी के साथ ही बह गई हैं जिसके कारण न केवल शहर में जाम लग रहा है बल्कि वाहन भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। इन टूटी सड़कों का खामियाजा खास तौर पर दोपहिया वाहन चालकों को घायल होकर भुगतना पड़ रहा है। वहीं, विभागीय अनदेखी और लापरवाही के कारण ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को भी जाम से निपटने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
शहर के ईएसआई चौक, सेक्टर-9 चौक, न्यू कॉलोनी रोड, मदन पुरी रोड, पटौदी चौक, बसई रोड, कादीपुर रोड, रेलवे रोड, घाटा रोड, एसपीआर रोड, धनवापुर रोड सहित कई अन्य ऐसी प्रमुख सड़कें हैं जहां बारिश के पानी के साथ सड़कों का एक हिस्सा बह गया और यहां गहरे गड्ढे हो गए। इन गड्ढों के कारण सड़कों पर जाम लगा रहा है। 5 मिनट का सफर तय करने में वाहन चालकों को 35 से 45 मिनट तक लग रहे हैं। कहने को तो नगर निगम की तरफ से टूटी सड़कों पर अस्थाई तौर पर मरम्मत करने का कार्य तो किया जा रहा है, लेकिन ज्यादातर स्थानों पर यह केवल खानापूर्ति हो रही है। क्षतिग्रस्त सड़कों के एक हिस्से में तो मलबा डालकर डैमेज कंट्रोल का कार्य किया जा रहा है, लेकिन काफी बड़े हिस्से को ऐसे ही क्षतिग्रस्त छाेड़ा जा रहा है जिसके कारण वाहन चालकों की दिक्कत और अधिक बढ़ गई है।

हालांकि नगर निगम कमिश्नर सहित जिला उपायुक्त स्वयं मैदान में उतरे हैं और बारिश और जलभराव के कारण प्रभावित हुए क्षेत्रों का दौरा कर जल्द ही कार्रवाई करने का दावा तो कर रहे हैं, लेकिन फील्ड में इस कार्य को ठेकेदारों के हवाले छोड़ दिया गया जिसके कारण पूरा कार्य महज खानापूर्ति ही चल रहा है। वहीं, अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही गुड़गांव की स्थिति को सुधार दिया जाएगा।