Edited By Isha, Updated: 09 Jan, 2020 10:51 AM
दादरी जिले के गांव रामलवास स्थित क्रशर जोन में बाइक सवार बदमाशों ने बुधवार सायं फायरिंग कर दी। घटना में किसी के हताहत की जानकारी नहीं है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित.....
भिवानी : दादरी जिले के गांव रामलवास स्थित क्रशर जोन में बाइक सवार बदमाशों ने बुधवार सायं फायरिंग कर दी। घटना में किसी के हताहत की जानकारी नहीं है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित बाइक सहित मौके से फरार हो गए। इस दौरान आरोपित सी.सी.टी.वी. में फायरिंग करता हुआ भी नजर आ रहा है।लसूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार दादरी जिले के गांव रामलवास में दिल्ली सूबे के काजीपुर निवासी यशवंत त्रिशूल स्टोन क्रशर चलाता है। बुधवार सायं को बाइक पर सवार 2 युवक क्रशर ऑफिस में पहुंचे। वहां उन्होंने क्रशर संचालक के बारे पूछताछ की। जिसके बाद आरोपितों में से एक ने कहा कि क्रशर मालिक यशवंत ने उसे जेल में बंद करवाया था लेकिन अब वह जेल से बाहर आ गया है और यशवंत को जान से मारेगा। जिसके बाद युवक ने हवा में रिवाल्वर लहराते हुए फायरिंग कर डाली।
घटना में किसी के जान-माल का नुक्सान नहीं हुआ। घटना के बाद आरोपितों ने एक घंटे बाद फिर से आने की धमकी भी दी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। क्रशर जोन में मौजूद लोगों से आरोपितों के बारे में पूछताछ की लेकिन अभी उनकी कोई पहचान नहीं हो सकी है।