Edited By Krishan Rana, Updated: 06 Oct, 2026 03:34 PM

बहादुरगढ़ में STF की बहादुरगढ़ यूनिट ने आपराधिक गैंग से जुड़े तीन बदमाशों को अवैध हथियारों के साथ
बहादुरगढ़ (प्रवीण कुमार) : बहादुरगढ़ में STF की बहादुरगढ़ यूनिट ने आपराधिक गैंग से जुड़े तीन बदमाशों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3 विदेशी पिस्तौल और 39 कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी हथियारों को गैंग के अन्य सदस्यों तक पहुंचाने की फिराक में थे।
STF के डीएसपी नरेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित और अकुल निवासी कानोंदा तथा सन्नी निवासी खैरपुर के रूप में हुई है। रोहित के पास से एक पिस्तौल और 9 कारतूस, अकुल से एक पिस्तौल और 20 कारतूस तथा सन्नी से एक पिस्तौल और 10 कारतूस बरामद किए गए।
STF बहादुरगढ़ को सूचना मिली थी कि तीन बदमाश हथियारों की सप्लाई के लिए लडरावण की तरफ से बहादुरगढ़ आ रहे हैं। इंस्पेक्टर सेठी मलिक के नेतृत्व में टीम ने कानोंदा गांव के कुलासी मोड़ पर नाकेबंदी कर दी। इस दौरान एक गाड़ी को रुकवाया गया, जिसमें तीन युवक सवार थे। पुलिस के मुताबिक, युवकों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी के दौरान तीनों के कब्जे से विदेशी पिस्तौल और कारतूस बरामद हुए। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों के गैंग से जुड़े होने और हथियार सप्लाई करने की बात सामने आई है। रोहित के खिलाफ पहले से 4 आपराधिक मामले, जबकि सन्नी के खिलाफ हत्या के प्रयास का एक मुकदमा दर्ज है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ सदर थाने में संगठित अपराध, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी। रिमांड के दौरान हथियार सप्लाई नेटवर्क और गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)