Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 19 Mar, 2026 07:48 PM

दहेज प्रताड़ना से तंग आकर महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में खेड़कीदौला थाना पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
गुड़गांव, (ब्यूरो): दहेज प्रताड़ना से तंग आकर महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में खेड़कीदौला थाना पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान दिनेश (उम्र-31 वर्ष) निवासी कन्हई वर्तमान निवासी सिग्नेचर ग्लोबल ग्रीन सोसायटी, सेक्टर-79 के रूप में हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो सामने आया कि आरोपी पेशे से वकील है और करीब तीन साल से गुड़गांव कोर्ट में वकालत कर रहा है। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, थाना खेडकी दौला क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध मौत होने की सूचना मिली थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि महिला फ्लैट में फंदे पर लटकी हुई है। मामले में 16 मार्च को पुलिस ने केस दर्ज किया था। मृतका के पिता व भाई ने पुलिस को शिकायत देकर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। मृतका के भाई व पिता ने पुलिस को बताया था कि मृतका का विवाह वर्ष-2022 में हुआ था, जिसके पश्चात से ही उसके पति एवं ससुराल पक्ष द्वारा उससे बार-बार दहेज की मांग की जाती थी तथा मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट व प्रताड़ना की जाती थी। मृतका के पति व उसके परिजन मृतका पर लगभग 50 लाख रुपये की मांग को लेकर लगातार दबाव बना रहे थे। मृतका को पूर्व में भी घर से निकाल दिया गया था तथा कई बार उसके साथ गंभीर मारपीट की वारदात की गई थी।
15 मार्च की रात को मृतका अपने निवास स्थान सिग्नेचर ग्लोबल ग्रीन सोसायटी, सेक्टर-79 स्थित फ्लैट में फांसी के फंदे पर लटकी हुई पाई गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान व मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80 एवं 3(5) के तहत केस दर्ज कर लिया था। मामले में कार्रवाई करते हुए खेड़कीदौला थाने के अंतर्गत आने वाली बार गुर्जर चौकी प्रभारी ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।