Edited By Yakeen Kumar, Updated: 15 Sep, 2025 07:48 PM

अंबाला पहुंचे इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने पार्टी कार्यकर्त्ताओं से मुलाकात की। इस मौके पर अभय चौटाला ने सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान के लिए भाजपा सरकार ही जिम्मेदार है।
अम्बाला (अमन कपूर) : अंबाला पहुंचे इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने पार्टी कार्यकर्त्ताओं से मुलाकात की। इस मौके पर अभय चौटाला ने सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान के लिए भाजपा सरकार ही जिम्मेदार है। सरकार को पहले ही सभी इंतजाम कर लेने चाहिए थे, क्योंकि कोई भी आपदा बता कर नहीं आती है। साथ ही प्रदेश में बढ़ रहे अपराध पर भी सरकार को जमकर खरी-खोटी सुनाई।
चौटाला ने निशाना साधते हुए कहा कि अंबाला में कितनी ही कॉलोनियां पानी में डूब गईं, साथ ही कितना ही फसलें जलमग्न हो गईं लेकिन प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान ही नहीं है। सरकार को पता है कि हर साल बाढ़ से नुकसान होता है, नदियाें का पानी ओवरफ्लो हो जाता है तो बांध क्यों नहीं बनवाया गया। भाजपा नेताओं पर तंज कसते हुए चौटाला ने बोला कि ये सभी नेता तो खड़े होकर वीडियो बनवाते हैं, पता नहीं ये किसकी सेवा में लगे हुए हैं। अभय सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार की इस लापरवाही के कारण आम जनता को भारी कष्ट झेलना पड़ा है।
भाजपा-कांग्रेस प्रदेश को कमजोर करने में लगी हैं- चौटाला
इनेलो नेता ने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये पार्टियां हरियाणा के विकास को रोकने और प्रदेश को कमजोर करने में लगी हुईं हैं। साथ ही उन्होंने हरियाणा में बढ़ते अपराध का जिम्मेवार भी मुख्यमंत्री को बताया। जब तक हरियाणा में कानून व्यवस्था मजबूत नहीं हो जाती, तब तक विकास की कोई उम्मीद नहीं है। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने बोला कि आज जो इतनी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे हुए हैं ये सब बदलाव की ही निशानी है। सभी ताऊ देवी लाल जी के सम्मान दिवस 25 सितंबर को रैली में भाग लेंगे।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)