Edited By Harman, Updated: 05 Oct, 2026 10:47 AM

एनआईटी फरीदाबाद के 5 नंबर इलाके में स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग के बाल सुधार गृह से तीन नाबालिग बाल बंदियों के फरार होने का मामला सामने आया है।
फरीदाबाद (अनिल राठी) : एनआईटी फरीदाबाद के 5 नंबर इलाके में स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग के बाल सुधार गृह से तीन नाबालिग बाल बंदियों के फरार होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि तीनों बाल बंदी बीती देर रात बाथरूम की खिड़की तोड़कर बाहर निकले और मेन गेट से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के मुताबिक फरार हुए तीनों नाबालिगों को अलग-अलग मामलों में बाल सुधार के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के अधीन रखा गया था। इनमें से दो बाल बंदी वर्ष 2024 से यहां रह रहे थे, जबकि तीसरा वर्ष 2025 से बाल सुधार गृह में था। सूत्रों का कहना है कि तीनों पर गंभीर अपराधों के आरोप हैं और इसी के चलते उन्हें यहां रखा गया था। बताया जा रहा है कि फरार बाल बंदियों में एक गुरुग्राम, दूसरा मेवात और तीसरा हिसार जिले का रहने वाला है। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, क्राइम ब्रांच की टीमें भी फरार बाल बंदियों की तलाश में जुट गई हैं।
थाना एनआईटी इंचार्ज महावीर ने बताया कि बाल सुधार गृह की तरफ से उनको शिकायत मिली है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ संभावित ठिकानों पर भी दबिश दे रही है। तीनों नाबालिग किस तरह बाल सुधार गृह से बाहर निकले और सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस का पूरा ध्यान फरार बाल बंदियों को जल्द से जल्द तलाशने पर है।