Edited By Isha, Updated: 19 Sep, 2026 05:39 PM

हरियाणा के गन्नौर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ जीटी रोड पर ट्रैफिक चौकी के ठीक सामने एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई
गन्नौर (कपिल): हरियाणा के गन्नौर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ जीटी रोड पर ट्रैफिक चौकी के ठीक सामने एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस भीषण हादसे की पूरी वारदात पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 28 वर्षीय दीपक के रूप में हुई है। दीपक किसी काम से गन्नौर जीटी रोड पर आया हुआ था। जब वह अपनी बाइक से वापस लौट रहा था और जीटी रोड पर ट्रैफिक चौकी के सामने पहुँचा, तो पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक छिटककर करीब 20 मीटर दूर जा गिरी। इस भयानक टक्कर में दीपक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है और मामले की गहनता से जाँच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।