Haryana में पंजाब सिंगर RNait ने कर दी बड़ी गलती, पुलिस ने भेजा नोटिस... जानें क्या है वजह

Edited By Isha, Updated: 19 Sep, 2026 03:05 PM

punjabi singer rnait made a major blunder in haryana

: हरियाणा के कैथल जिले के कलायत क्षेत्र में गाने की शूटिंग के दौरान खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन करना मशहूर पंजाबी सिंगर आर नेत  और मॉडल-एक्ट्रेस शिवा चौधरी को भारी पड़ता नजर आ रहा है।

कैथल,(जयपाल रसूलपुर): ‘तेरे यार नूं दबण नूं फिरदे सी…’ जैसे चर्चित गाने से पहचान बनाने वाले पंजाबी सिंगर R नैत की म्यूजिक वीडियो की शूटिंग में हथियारों के प्रदर्शन को लेकर कैथल पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। गांव कमालपुर में तीन दिन पहले हुई शूटिंग के दौरान कलाकारों और टीम के सदस्यों के हाथों में हथियार नजर आए थे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया।

पुलिस ने म्यूजिक वीडियो के डायरेक्टर परम चहल को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। डीएसपी बीर भान ने कहा कि बिना अनुमति सार्वजनिक स्थान पर इस तरह हथियारों का प्रदर्शन करना उचित नहीं है। नोटिस के जवाब के बाद तथ्यों और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के संज्ञान में आया मामला
डीएसपी बीर भान के अनुसार, सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस को जानकारी मिली कि पंजाबी गायक R नैत की म्यूजिक वीडियो की शूटिंग के दौरान हथियारों का प्रदर्शन किया गया। वीडियो में टीम के कुछ सदस्य हथियार हाथों में लेकर नजर आ रहे हैं। पुलिस ने इसी आधार पर शूटिंग से जुड़े डायरेक्टर परम चहल को नोटिस जारी किया है। उनसे पूछा गया है कि शूटिंग के दौरान हथियारों का इस्तेमाल और प्रदर्शन किस अनुमति के तहत किया गया।


सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन न करें : डीएसपी
डीएसपी बीर भान ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का अनावश्यक प्रदर्शन नहीं किया जाना चाहिए। इस तरह की गतिविधियां पुलिस के संज्ञान में आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। उनका कहना है कि सार्वजनिक तौर पर हथियारों का प्रदर्शन समाज में भय का माहौल पैदा कर सकता है।


तीन दिन पहले कमालपुर में हुई थी शूटिंग
जानकारी के अनुसार, R नैत तीन दिन पहले कैथल जिले के गांव कमालपुर में एक म्यूजिक वीडियो की शूटिंग के लिए पहुंचे थे। उनके साथ हरियाणवी सिंगर शिवा चौधरी समेत वीडियो की टीम मौजूद थी। शूटिंग के दौरान बड़े हथियारों के साथ कई लोग नजर आए। इसी दौरान बनाए गए वीडियो के सोशल मीडिया पर आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया।


 
कौन हैं R नैत?
पंजाबी सिंगर R नैत का पूरा नाम नेत्रपाल सिंह है। वे पंजाब के मानसा जिले के गांव धरमपुरा के रहने वाले हैं। उन्होंने वर्ष 2015 में ‘लांसर 2’ गाने से अपने संगीत करियर की शुरुआत की थी। R नैत ने सिद्धू मूसेवाला के साथ ‘पॉइजन’ और सपना चौधरी के साथ ‘लुटेरा’ सहित कई चर्चित गानों में काम किया है।

 
2022 में आम आदमी पार्टी की कैंपेन में खूब बजा था गाना
R नैत का चर्चित गाना ‘तेरे यार नूं दबण नूं फिरदे सी, पर दबदा कित्थे आ’ वर्ष 2022 में पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी की कई चुनावी सभाओं और कैंपेन में सुनाई दिया था। इस गाने की लाइन सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चित रही थी।


 
पहले भी विवादों में रहा है R नैत का नाम:
1. म्यूजिक कंपनी से पैसों के लेन-देन का विवाद

अगस्त 2020 में मोहाली की होमलैंड हाइट्स सोसाइटी में R नैत और उनके साथियों पर म्यूजिक वीडियो प्रोड्यूसर्स के साथ विवाद और मारपीट का मामला सामने आया था। विवाद पैसों के लेन-देन और एक गाने की वीडियो रिलीज को लेकर बताया गया था। मामले में मोहाली पुलिस ने केस दर्ज किया था।

2. एक करोड़ की फिरौती मांगने का मामला:
सितंबर 2024 में R नैत के मैनेजर ने मोहाली पुलिस में शिकायत दी थी कि सिंगर को विदेशी नंबरों से धमकियां मिल रही हैं और उनसे एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगी जा रही है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच की थी।

3. गानों में हथियारों के प्रदर्शन को लेकर विवाद:
R नैत समेत कई पंजाबी गायकों के गानों में हथियारों के प्रदर्शन को लेकर समय-समय पर विवाद सामने आते रहे हैं। उनके कुछ पुराने गानों और वीडियो को लेकर भी सोशल मीडिया पर आपत्तियां उठाई गई थीं।

4. तीन महीने पहले ‘रील’ गाने पर विवाद:
करीब तीन महीने पहले R नैत अपने गाने ‘रील’ को लेकर भी विवादों में आए थे। लुधियाना में शिवसेना पंजाब की ओर से गाने को लेकर आपत्ति जताते हुए पुलिस में शिकायत दी गई थी। संगठन ने गाने में हिंदू साधुओं और धार्मिक प्रतीकों के कथित आपत्तिजनक चित्रण का आरोप लगाया था। पुलिस ने शिकायत पर जांच के बाद कानून के अनुसार कार्रवाई की बात कही थी।

पुलिस की नजर अब डायरेक्टर के जवाब पर
कमालपुर में हुई शूटिंग के मामले में फिलहाल कैथल पुलिस ने डायरेक्टर परम चहल को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अब पुलिस की आगामी कार्रवाई नोटिस के जवाब और जांच में सामने आने वाले तथ्यों पर निर्भर करेगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!