Edited By Isha, Updated: 25 Sep, 2026 09:46 AM

सोनीपत के गांव बारोटा में बुधवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां पानी से भरे टब में डूबने से 10 महीने के मासूम बच्चे की मौत हो गई। इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
सोनीपत: सोनीपत के गांव बारोटा में बुधवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां पानी से भरे टब में डूबने से 10 महीने के मासूम बच्चे की मौत हो गई। इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
मूलरूप से बिहार के औरंगाबाद जिले के मदारपुर के रहने वाले और हाल बारोटा में रह रहे अनिल ने पुलिस को बताया कि बुधवार दोपहर उनकी पत्नी ललिता, मां और 10 माह का बेटा समीर कमरे में मौजूद थे। ललिता ने बेटे समीर को दूध पिलाकर सुलाया था और खुद भी सो गई थी। कमरे से जुड़े बाथरूम में करीब डेढ़ फुट पानी से भरा हुआ एक टब रखा हुआ था।
घटना के करीब एक घंटे बाद जब मां ललिता की नींद खुली, तो उन्होंने देखा कि समीर बिस्तर पर नहीं है। परिवार के लोगों ने तुरंत कमरे और घर के बाहर बच्चे की तलाश शुरू की। घर का मुख्य गेट अंदर से बंद था। काफी तलाश करने के बाद जब परिजन बाथरूम में पहुंचे, तो वहां रखे पानी के टब के अंदर समीर औंधे मुंह मिला। परिजन बिना देर किए मासूम को तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों को आशंका है कि नींद खुलने के बाद बच्चा खेलते हुए या टब तक पहुंचते वक्त उसमें गिर गया और पानी में डूबने से उसकी सांसें थम गईं।
घटना की सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराया है। इस संबंध में इंस्पेक्टर रवि कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।