Edited By Gaurav Tiwari, Updated: 05 May, 2026 07:46 PM

आधी अधूरी परमिशन के कारण पटौदी के पोस्टमार्टम हाउस पर अभी भी ताला लटका हुआ है। पटौदी के लोगों के लिए स्थानीय स्तर पर पंचनामे की सुविधा सरकार की ओर से अभी तक हवा हवाई ही साबित हो रही है।
पटौदी, ब्यूरो : आधी अधूरी परमिशन के कारण पटौदी के पोस्टमार्टम हाउस पर अभी भी ताला लटका हुआ है। पटौदी के लोगों के लिए स्थानीय स्तर पर पंचनामे की सुविधा सरकार की ओर से अभी तक हवा हवाई ही साबित हो रही है। 23 मार्च को पोस्टमार्टम हाऊस का विधिवित उद्धाटन तो कर दिया गया लेकिन अब भी उन परेशान लोगों को गुरूग्राम में धक्के खाने पर मजबूर होना पड़ रहा है जिनके परिजन असमय मृत्यु का प्राप्त हो जाते हैं। जानकारी अनुसार पोस्टमार्टम हाउस की शुरुआत के लिए गृह मंत्रालय की परमिशन की आवश्यकता होती है। स्थानीय स्तर पर सभी परमिशन पूरी कर ली गई। चिकित्सा विभाग के स्टेट नोडल अधिकारी द्वारा इसकी परमिशन के लिए फाइल तैयार कर संबंधित विभाग को भेज दी गई लेकिन फाइल टेबल टेबल खेल रही बताई जा रही है। अधिकारियों को हर सप्ताह उम्मीद रहती है कि यह काम जल्द चंढीगढ़ से निपट जाए तो यहां पोस्टमार्टम की सुविधा शुरू की जा सके।
बताया जाता है कि पटौदी में अगर पोस्टमार्टम की सुविधा शुरू कर दी जाती है जाती है तो यहां थाना पटौदी, थाना बिलासपुर और थाना फर्रुखनगर के गांवों के और शहरों के असमय मरने वाले शवों का पंचनामा किया जा सकेगा। अभी फिलहाल पटौदी क्षेत्र के विभिन्न गांवों के लोगों को 50 किलोमीटर दूर गुरूग्राम जाना पड़ता है। अगर विभाग जल्द परमिशन दे देता है तो दुखी लोगों को और दुखी नहीं होना पड़ेगा। अभी गुरूग्राम से पंचनाम करवाने के कारण पूरा-पूरा दिन लोगों को खराब हो जा रहा है। बीते 23 मार्च को पटौदी की विधायक बिमला चौधरी ने इस नवनिर्मित शवग्रह सहित पोस्टमार्टम हाऊस का जोर शोर से उद्धाटन किया गया। उद्घाटन दौरान लोगों को बताया गया कि अब पटौदी क्षेत्र के लोगों को इसका फायदा होगा। एक साथ कई शवों को रखने की भी सुविधा मिलने के साथ साथ अनुभवी डाक्टरों की टीम द्वारा पंचनामा किया जा सकेगा। अखबारों में सुर्खियां बटोरने के बाद अभी तक इसका चालू नहीं होना अब संदेह के घेरे में आ गया है। लोगों का कहना है कि अगर सभी परमिशन पूरी नहीं थी तो उद्घाटन की इतनी जल्दबाजी किस लिए थी।
क्या कहते हैं अधिकारी :
‘’ उम्मीद है कि अगले सप्ताह तक ग्रह मंत्रालय से परमिशन उनके पास आ जाएगी। उनकी ओर से सभी तैयारी पूरी है। विभाग के वरिष्ठ अधिकारी लगातार संपर्क में हैं। सरकार खुद चाह रही है कि यहां जल्द जल्द पोस्टमार्टम की सुविधा शुरू हो जाए।‘’ - पटौदी सामान्य अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार
अभी भी काम चालू :
जब हमारे संवाददाता द्वारा शवगृह का दौरा किया गया तो अभी पोस्टमार्टम को सुचारू रूप से चलाने के लिए बाकी पड़े कामों को अस्पताल प्रशासन द्वारा निपटाया जा रहा था। माना जा रहा है जब तक हॉममिनिस्टिरी से परमिशन आएगी यहां के काम भी पूरे हो जाएंगे।