Edited By Gaurav Tiwari, Updated: 06 May, 2026 08:15 PM

नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई हाईवे पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की।
नूंह, (ब्यूरो): नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई हाईवे पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम लक्ष्मी नारायण (एचसीएस) के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने हाईवे किनारे बन रहे अवैध होटल और ढाबों पर अभियान चलाकर उन्हें हटाया। इस कार्रवाई से अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया।
अभियान में एनएचएआई के कर्मचारी, थाना सदर फिरोजपुर झिरका के एसएचओ, यातायात पुलिस मांडीखेड़ा और बिजली विभाग की टीम शामिल रही। संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर हाईवे की जमीन पर किए गए अवैध निर्माणों को चिन्हित किया और तत्काल प्रभाव से उन्हें हटवाया।
कई जगहों पर बुलडोज़र की मदद से ढाबों और अस्थायी ढांचों को ध्वस्त किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिन लोगों ने अभी तक पूरी तरह से अतिक्रमण नहीं हटाया है, वे तुरंत इसे हटाएं, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि हाईवे पर अवैध कब्जे न केवल यातायात व्यवस्था को बाधित करते हैं, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ाते हैं। एसडीएम के निर्देशानुसार इस तरह की कार्रवाई अब नियमित रूप से हर 10 दिन में की जाएगी, ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो सके।