Edited By Krishan Rana, Updated: 21 Mar, 2026 07:27 PM

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में मथुरा-आगरा नेशनल हाईवे-19 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में
फरीदाबाद (अनिल राठी) : फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में मथुरा-आगरा नेशनल हाईवे-19 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, सुभाष कॉलोनी निवासी राज बहादुर साहूकार ने बताया कि शुक्रवार को उनका बेटा शिवम अपनी मां पूनम को बाइक पर ईएसआई अस्पताल से दवाई दिलवाकर घर लौट रहा था। जैसे ही वे अनाज मंडी के पास हाईवे पर पहुंचे, तभी शराब के ठेके के पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
यह हादसा इतना भीषण था कि पूनम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल शिवम को पहले बीके अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे दिल्ली के एम्स रेफर कर दिया गया। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है।
थाना आदर्श नगर प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)