Edited By Deepak Kumar, Updated: 21 Mar, 2025 01:35 PM

बहादुरगढ़ के मॉडल टाउन में चोरी की बड़ी वारदात हो गई। चोरों ने यहां बंद पड़े मकान को निशाना बनाया। गेट फांदकर चोर मकान में घुसे और 5 लाख की नकदी सहित करीब 50 लाख रुपये के आभूषणों पर हाथ साफ कर गए।
बहादुरगढ़ (प्रवीण धनखड़) : शहर के मॉडल टाउन में चोरी की बड़ी वारदात हो गई। चोरों ने यहां बंद पड़े मकान को निशाना बनाया। गेट फांदकर चोर मकान में घुसे और 5 लाख की नकदी सहित करीब 50 लाख रुपये के आभूषणों पर हाथ साफ कर गए। सीसीटीवी फुटेज में 2 चोर नजर आए हैं। सिटी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
चोरी की ये बड़ी वारदात मॉडल टाउन की निवासी यशवंती देवी के यहां हुई है। पिछले कुछ समय से वह यहां मकान में अकेली रह रही थी। तबीयत खराब होने के चलते वह कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं। पीछे से मकान बंद था। इसी का लाभ चोरों ने उठाया और बंद पड़े मकान को निशाना बना लिया।
मॉडल टाउन स्थित इस घर मे चोर मुख्य गेट की दीवार कूदकर अंदर घुसे, फिर अंदर वाला दरवाजा उखाड़ कर कमरों में प्रवेश किया और तसल्ली से वारदात कर डाली। सुबह परिवार के लोग मकान में आए तो वारदात का पता चला। अंदर कमरों में तमाम सामान बिखरा हुआ था। अलमारी खंगाली गई थी।
ये आभूषण हुए चोरी
जांच के दौरान 5 लाख की नकदी, सोने के चार कड़े, 2 जेंट्स गोल्ड चेन, 2 लेडीज चेन, 110 चांदी के सिक्के, सोने की 3 जोड़ी बालियां, सोने की 10 जेंट्स अंगूठी, 2 सोने के सिक्के, 2 नेकलेस, मांग टीका, सोने का जेंट्स कड़ा, चांदी की 3 मूर्तियां, मोबाइल और अन्य सामान गायब था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
अज्ञात चोरों के खिलाफ किया केस दर्ज
वारदात को अंजाम देने वाले चोर आसपास लगे सीसीटीवी में भी दिखाई दिए हैं। फुटेज में 2 चोर नजर आ रहे हैं। सिटी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस का कोई भी आला अधिकारी इस सम्बंध में मीडिया के कैमरे के सामने कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। इन दिनों शहर में बंद पड़े मकान में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ गई है। जिससे आम आदमी बेहद परेशान है तो वही पुलिस की नाक में भी चोरों ने दम कर रखा है। अब देखना होगा कि पुलिस आखिर चोरों तक कब तक पहुंचने में कामयाब हो पाती है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)