Edited By Isha, Updated: 31 Jul, 2026 04:11 PM

हरियाणा के सरकारी स्कूलों में कार्यरत हजारों शिक्षकों को ऑनलाइन तबादलों के लिए अभी और इंतजार करना होगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने ऑनलाइन टीचर ट्रांसफर ड्राइव-2026 का संशोधित कार्यक्रम जारी करते हुए पूरी
चंडीगढ़(चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा के सरकारी स्कूलों में कार्यरत हजारों शिक्षकों को ऑनलाइन तबादलों के लिए अभी और इंतजार करना होगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने ऑनलाइन टीचर ट्रांसफर ड्राइव-2026 का संशोधित कार्यक्रम जारी करते हुए पूरी प्रक्रिया को नए शेड्यूल के अनुसार संचालित करने का फैसला किया है। नए कार्यक्रम के तहत अब 11 अगस्त से शिक्षकों के सेवा रिकॉर्ड और प्रोफाइल का सत्यापन शुरू होगा, जबकि अंतिम स्कोर एवं टेन्योर सूची 8 और 9 सितंबर को जारी की जाएगी। इसके बाद ही ऑनलाइन तबादलों की अगली प्रक्रिया शुरू होगी।
विभाग के अनुसार सभी शिक्षकों को पहले एमआईएस पोर्टल पर अपनी प्रोफाइल और सेवा संबंधी विवरण का सत्यापन करना होगा। इसके बाद प्रारंभिक स्कोर एवं टेन्योर सूची जारी की जाएगी। यदि किसी शिक्षक को अंक या सेवा अवधि को लेकर कोई आपत्ति होगी तो उसके लिए ऑनलाइन दावा और आपत्ति दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। जिला और राज्य स्तर पर दो चरणों में इन आपत्तियों का निस्तारण होने के बाद अंतिम स्कोर सूची प्रकाशित की जाएगी।
संशोधित कार्यक्रम पर एक नजर
- 11 से 17 अगस्त: प्रोफाइल अपडेट और सेवा रिकॉर्ड का सत्यापन
- 18-19 अगस्त: प्रारंभिक स्कोर एवं टेन्योर सूची जारी
- 20 से 24 अगस्त: ऑनलाइन दावे और आपत्तियां दर्ज
- 25 से 31 अगस्त: जिला समिति द्वारा आपत्तियों का निस्तारण
- 5 से 7 सितंबर: राज्य स्तरीय समिति में अंतिम सुनवाई
- 8-9 सितंबर: अंतिम स्कोर एवं टेन्योर सूची जारी
कपल केस के लिए भी जारी हुआ नया प्रारूप
शिक्षा विभाग ने कपल केस के आधार पर अतिरिक्त अंक प्राप्त करने वाले शिक्षकों के लिए नया अंडरटेकिंग प्रारूप भी जारी किया है। साथ ही 10 अगस्त को ट्रांसफर ड्राइव की क्वालिफाइंग डेट निर्धारित किया गया है। मेरिट, सेवा अवधि और अन्य पात्रताओं का आकलन इसी तिथि के आधार पर किया जाएगा।
अंतिम सूची के बाद शुरू होगा तबादलों का अगला चरण
राज्यभर के हजारों शिक्षक लंबे समय से ऑनलाइन तबादला प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। संशोधित कार्यक्रम जारी होने के बाद अब सभी की निगाह 8-9 सितंबर को जारी होने वाली अंतिम स्कोर सूची पर है। इसी सूची के आधार पर शिक्षक अपनी पसंद के स्कूलों का ऑनलाइन विकल्प भर सकेंगे और तबादलों की वास्तविक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।