हरियाणा में PG दाखिलों का नया शेड्यूल जारी, अगस्त के अंत तक पूरी होगी प्रवेश प्रक्रिया, सभी कॉलेजों को दिए सख्त निर्देश

Edited By Krishan Rana, Updated: 28 Jul, 2026 09:06 PM

new schedule for pg admissions in haryana released admission process to be comp

हरियाणा के उच्च शिक्षा विभाग ने स्नातकोत्तर (PG) प्रथम वर्ष के प्रवेश को समयबद्ध और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से संशोधित प्रवेश कार्यक्रम

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा के उच्च शिक्षा विभाग ने स्नातकोत्तर (PG) प्रथम वर्ष के प्रवेश को समयबद्ध और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से संशोधित प्रवेश कार्यक्रम जारी किया है। नए शेड्यूल के अनुसार मेरिट सूची जारी करने, फीस जमा कराने और रिक्त सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से अगस्त के अंत तक पूरी की जाएगी। विभाग ने प्रदेश के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों को निर्धारित कार्यक्रम का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

7 अगस्त तक ऑनलाइन पंजीकरण, 11 अगस्त को अंतिम मेरिट सूची
संशोधित कार्यक्रम के तहत विद्यार्थी 7 अगस्त तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 8 अगस्त निर्धारित की गई है। इसके बाद कॉलेज 9 अगस्त तक दस्तावेजों का सत्यापन और आपत्तियों का निस्तारण करेंगे। 10 अगस्त को पहली प्रोविजनल मेरिट सूची जारी होगी, जबकि 11 अगस्त को अंतिम मेरिट सूची प्रकाशित की जाएगी।

12 से 14 अगस्त तक फीस जमा, 15 अगस्त को फिजिकल काउंसलिंग
पहले चरण में चयनित विद्यार्थियों को 12 से 14 अगस्त के बीच फीस जमा कर अपना प्रवेश सुनिश्चित करना होगा। इसके बाद खाली बची सीटों को भरने के लिए 15 अगस्त को फिजिकल काउंसलिंग आयोजित की जाएगी, जिससे सभी सीटों पर जल्द प्रवेश सुनिश्चित किया जा सके।

छूटे विद्यार्थियों को मिलेगा दूसरा अवसर
उच्च शिक्षा विभाग ने पहले चरण में आवेदन से वंचित रह गए विद्यार्थियों को भी राहत दी है। 16 अगस्त को ऑनलाइन पोर्टल दोबारा खोला जाएगा, जहां ₹100 लेट फीस के साथ नया पंजीकरण और आवेदन में संशोधन किया जा सकेगा। इसके बाद 17 से 23 अगस्त तक रिक्त सीटों के लिए फिजिकल काउंसलिंग होगी। यदि इसके बाद भी सीटें खाली रहती हैं तो 24 से 30 अगस्त तक प्रतिदिन निर्धारित लेट फीस के साथ प्रवेश प्रक्रिया जारी रहेगी।

सभी कॉलेजों में एक समान लागू होगा संशोधित कार्यक्रम
महानिदेशक, उच्च शिक्षा कार्यालय, पंचकूला की ओर से जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि संशोधित प्रवेश कार्यक्रम प्रदेश के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में समान रूप से लागू होगा। विभाग का उद्देश्य प्रवेश प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित और समयबद्ध बनाना है, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

पानीपत को मिला नया राजकीय कन्या महाविद्यालय
उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से पानीपत शहर में नए राजकीय कन्या महाविद्यालय की स्थापना का निर्णय भी लिया है। स्थायी भवन बनने तक कॉलेज का संचालन जीटी रोड स्थित रेड लाइट चौक के निकट डीआईईटी भवन की पहली मंजिल से किया जाएगा।

कला और वाणिज्य संकाय में 240 सीटें स्वीकृत
नए महाविद्यालय में कला संकाय के लिए 160 तथा वाणिज्य संकाय के लिए 80 सीटें स्वीकृत की गई हैं। यहां अंग्रेजी, हिंदी, राजनीति विज्ञान, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, गणित, कंप्यूटर साइंस और शारीरिक शिक्षा सहित विभिन्न विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी। जिला प्रशासन के सहयोग से कॉलेज के नियमित संचालन के साथ-साथ स्थायी परिसर के निर्माण की प्रक्रिया भी समानांतर रूप से आगे बढ़ाई जाएगी।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)  

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!