भाजपा महिला मोर्चा को मिलेगा नया विस्तार,  रिचा हनी पाहवा ने अनिल विज से शिष्टाचार भेंट कर लिया आशीर्वाद

Edited By Harman, Updated: 07 Aug, 2026 09:48 AM

richa honey pahwa paid a courtesy call on anil vij and sought his blessings

भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त हरियाणा प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष रिचा हनी पाहवा ने शुक्रवार को प्रदेश के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

चंडीगढ़ ( चन्द्र शेखर धरणी) : भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त हरियाणा प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष रिचा हनी पाहवा ने शुक्रवार को प्रदेश के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच महिला संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की महिला हितैषी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को लेकर चर्चा हुई।

मंत्री अनिल विज ने रिचा हनी पाहवा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भाजपा महिला मोर्चा संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त होगा तथा महिलाओं को पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने महिलाओं को केवल चुनावी मुद्दा नहीं बनाया, बल्कि उन्हें निर्णय प्रक्रिया और राजनीति में बराबरी की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। आज महिलाएं पंचायतों से लेकर संसद तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रही हैं और देश के विकास में अग्रणी भूमिका अदा कर रही हैं।

'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' से बदली सामाजिक सोच

अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के पानीपत से 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान की शुरुआत कर पूरे देश में सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। इस अभियान ने कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जनचेतना पैदा की और बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा तथा सम्मान को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि इस अभियान का सकारात्मक प्रभाव देशभर में देखने को मिला है और समाज की सोच में भी व्यापक परिवर्तन आया है।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

अनिल विज ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार, कौशल विकास, आर्थिक सहायता और उद्यमिता से जोड़ने का काम किया जा रहा है, ताकि वे आर्थिक रूप से मजबूत बनकर समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, सुरक्षा और राजनीतिक प्रतिनिधित्व जैसे सभी क्षेत्रों में समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास यात्रा की सहभागी बनाना है।

संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प

रिचा हनी पाहवा ने अनिल विज का आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगी। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा प्रदेश के प्रत्येक जिले, मंडल और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करेगा तथा महिलाओं को भाजपा की विचारधारा और सरकार की जनहितकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से महिला मोर्चा हरियाणा में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेगा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!