Edited By Manisha rana, Updated: 14 Apr, 2025 07:24 AM

मुख्यमंत्री के मीडिया कोर्डिनेटर अशोक छाबड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वागत के लिए हरियाणा तैयार है। आज हरियाणा ही नहीं पूरे देश के लिए ऐतिहासिक दिन होगा।
हिसार : मुख्यमंत्री के मीडिया कोर्डिनेटर अशोक छाबड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वागत के लिए हरियाणा तैयार है। आज 14 अप्रैल हरियाणा ही नहीं पूरे देश के लिए ऐतिहासिक दिन होगा। बाबा साहेब डॉ.भीमराव आंबेडकर जी की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हिसार में "महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे" का उद्घाटन करके अयोध्या के लिए पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाएंगे। यह हरियाणा का पहला एयरपोर्ट होगा और इसी के साथ हरियाणा के लोगों की परिकल्पना साकार होगी और देश के इतिहास में एक और एयरपोर्ट जुड़ जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने हरियाणा को सबसे बड़ा तोहफा दिया है। जनता का सपना पूरा होने जा रहा है और अब हिसार से ही अयोध्या, जम्मू, अहमदाबाद, जयपुर और चंडीगढ़ के लिए हवाई सेवाएं शुरू हो जाएंगी। भविष्य में हिसार से अन्य स्थानों के लिए एयर कनेक्टिविटी होगी स्थापित। मुख्यमंत्री के मीडिया कोर्डिनेटर अशोक छाबड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की सभी तैयरियां पूरी कर ली गई हैं। प्रधानमंत्री सुबह करीब 10.15 बजे हिसार और अयोध्या के बीच कमर्शियल फ्लाइट का शुभारंभ और एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद यमुनानगर में प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन करके हरियाणा को कई बड़ी सौगात देंगे।
अशोक छाबड़ा ने कहा कि हरियाणा की जनता को वर्षों से जिस पल का इंतजार था वह अब खत्म हो गया है। हिसार से हवाई सेवाएं शुरू होना एतिहासिक पल होगा और हवाई यातायात के विस्तार के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन एवं निवेश को भी नई गति मिलेगी। अशोक छाबड़ा ने एयरपोर्ट के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यह एयरपोर्ट कुल 7200 एकड़ में बनकर तैयार हुआ है। बड़ी बात यह है कि एयरपोर्ट से शुरू होने वाली उड़ान सेवाएं वीजीएफ (वायबल गैप फंडिंग) आधारित होंगी, जिससे यात्रियों को ज्यादा किराया नहीं देना पड़ेगा। हिसार से अयोध्या जाने या आने का टाइम 14 घंटे से घटकर 2 घंटे हो जाएगा। वहीं, टैक्सी के 10 हजार के किराए के मुकाबले लोग करीब 3400 रुपये में अयोध्या पहुंच जाएंगे।
रोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण
पत्रकारों से बात करते हुए अशोक छाबड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा की जनता से जो भी वादे किए हैं, उन्हें पूरा किया जा रहा है। इसी कड़ी में हिसार और यमुनानगर में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा। ये परियोजनाएं हरियाणा का सपना साकार करेंगी और रोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण होंगी। ये परियोजनाएं न केवल हरियाणा के आधारभूत ढांचे को नई ताकत देंगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार की नई राहें भी प्रशस्त करेंगी।
इंडस्ट्रियल कॉरिडोर
मुख्यमंत्री मीडिया कोर्डिनेटर अशोक छाबड़ा ने बताया कि हिसार में 7,200 एकड़ जमीन पर एयरपोर्ट बनाया जा रहा है। खास बात ये है कि हिसार का एयरपोर्ट दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विकल्प के तौर पर बन रहा है। यहां इंडस्ट्रियल कॉरिडोर भी होगा, जिससे आर्थिक गतिविधियां बढ़ेगी।
सप्ताह में दो उड़ान
अशोक छाबड़ा ने बताया कि हिसार से अयोध्या के लिए सप्ताह में 2 उड़ानें, हिसार-जम्मू, हिसार-अहमदाबाद, हिसार-जयपुर और हिसार-चंडीगढ़ के लिए सप्ताह में 3-3 उड़ानें होंगी। यात्रियों की संख्या को देखते हुए हरियाणा भविष्य में उड़ान बढ़ाई जाएंगी। यह हवाई अड्डा हिसार को कनेक्टिविटी का नया सितारा बनाएगा और व्यापार की नई उंचाइयों को छूने का मार्ग प्रशस्त करेगा। सिर्फ 2 घंटे में हिसार से अयोध्या पहुंच जाएंगे। विमान सुबह 10:40 बजे अयोध्या के लिए उड़ान भरेगा। 12:40 पर विमान अयोध्या पहुंच जाएगा। हिसार एयरपोर्ट अयोध्या के अलावा दिल्ली से भी सीधा जुड़ जाएगा। अयोध्या के लिए जाने वाला विमान सुबह दिल्ली से हिसार आएगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)