Edited By Krishan Rana, Updated: 25 Mar, 2026 06:53 PM

कैथल जिले के गांव रिवाड जागीर के करीब 32 वर्षीय युवक दीपक की स्पेन में करंट
कैथल (जयपाल रसूलपुर) : कैथल जिले के गांव रिवाड जागीर के करीब 32 वर्षीय युवक दीपक की स्पेन में करंट लगने से मौत हो गई। उसका शव गांव में लाया गया और परिवार ने उसका अंतिम संस्कार किया। इस दौरान परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में गमगीन माहौल रहा। वह स्पेन में मेहनत मजदूरी करता था।
बता दें कि दीपक फोन पर अपने परिवार के पास वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। अचानक उसे करंट लगा और उसकी मौत हो गई। परिवार के सदस्य फोन पर उससे बात करने की कोशिश करते रहे। फोन तो चालू रहा, लेकिन युवक बात नहीं कर सका।

दीपक के भाई सोनू ने बताया कि उन्होंने करीब 21 लाख रुपए लगाकर उसे 10 महीने पहले स्पेन भेजा था। इसके लिए आधा एकड़ जमीन गिरवी रखी थी और कुछ पैसे अपने रिश्तेदारों से उधार लिए थे। परिवार को उम्मीद थी कि दीपक वहां जाकर परिवार की गरीबी को दूर करेगा, लेकिन उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया। अब इतने ही रुपए लगाकर दीपक के शव को वापस लाया गया।
सोनू ने बताया कि दीपक की शादी हो चुकी है। उसके दो बेटे हैं। बड़ा लड़का 8 साल का और दूसरा लड़का 5 महीने का है। परिवार के पास अब आय कोई अच्छा साधन नहीं है। दीपक के माता-पिता मजदूरी करते हैं। बेटे के हाथों दीपक को मुखाग्नी दी गई।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)