मोदी-शाह का हरियाणा पर विशेष फोकस, नायब सैनी के नेतृत्व पर लगातार जताया भरोसा

Edited By Harman, Updated: 10 Jul, 2026 01:15 PM

modi and shah place special focus on haryana

हरियाणा में अक्टूबर 2024 में नायब सिंह सैनी के दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश को विशेष प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लगातार हरियाणा दौरों से यह स्पष्ट...

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : हरियाणा में अक्टूबर 2024 में नायब सिंह सैनी के दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश को विशेष प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लगातार हरियाणा दौरों से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि राष्ट्रीय नेतृत्व के लिए दिल्ली से तीन ओर से जुड़े इस राज्य का रणनीतिक और राजनीतिक महत्व लगातार बढ़ा है।

17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद अपने दूसरे हरियाणा दौरे पर जींद पहुंचेंगे। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस अवधि में तीन बार हरियाणा आ चुके हैं। दोनों शीर्ष नेताओं के लगातार दौरे इस बात का प्रमाण हैं कि केंद्र सरकार हरियाणा के विकास और राजनीतिक नेतृत्व को लेकर पूरी तरह गंभीर है।

नायब सैनी पर राष्ट्रीय नेतृत्व का बढ़ता विश्वास

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने लगातार भरोसा जताया है। यही कारण है कि उन्हें केवल हरियाणा तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले दिल्ली, बिहार तथा अन्य राज्यों के चुनावों में भी उन्हें भाजपा के प्रमुख प्रचारकों में शामिल किया गया था।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह विश्वास नायब सैनी की संगठन क्षमता, प्रशासनिक अनुभव और जनसंपर्क कौशल का परिणाम है।

17 जुलाई को जींद से विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात देंगे प्रधानमंत्री

मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार 17 अक्टूबर 2024 को पंचकूला के परेड ग्राउंड में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे। अब 17 जुलाई को वे जींद में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को जींद-सोनीपत रेलखंड पर हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही कुरुक्षेत्र के एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, नारनौल, भिवानी और अंबाला सहित प्रदेश की अनेक महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने नायब सैनी की कार्यशैली की खुलकर सराहना की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत और नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की कई अवसरों पर सार्वजनिक रूप से प्रशंसा की है।उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ के बाद हरियाणा सरकार को "सुशासन और अनुभव का संगम" बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में हरियाणा की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि नायब सैनी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं, सैनिकों और समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगी।दिल्ली में मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने नायब सैनी को आशीर्वाद देते हुए कहा था कि सभी को साथ लेकर हरियाणा को विकास के नए मुकाम तक पहुंचाना है।

अमित शाह के लगातार दौरे भी बने विश्वास का प्रतीक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री बनने के बाद कई अवसरों पर हरियाणा का दौरा कर प्रदेश सरकार के कार्यों की सराहना की।17 अक्टूबर 2024 को वे नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इसके बाद 3 अक्टूबर 2025 को उन्होंने रोहतक और कुरुक्षेत्र का दौरा किया।रोहतक में उन्होंने आईएमटी स्थित साबर डेयरी प्लांट का उद्घाटन किया तथा महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में आयोजित खादी प्रदर्शनी में भाग लिया। वहीं कुरुक्षेत्र में नए आपराधिक कानूनों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के साथ लगभग 825 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।24 दिसंबर 2025 को पंचकूला दौरे के दौरान अमित शाह ने सेक्टर-1 स्थित अटल पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके अलावा ताऊ देवी लाल स्टेडियम में पांच हजार से अधिक पुलिस जवानों की पासिंग आउट परेड की सलामी ली और राज्य स्तरीय मेगा सहकारिता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।

अमित शाह ने नायब सैनी को बताया कुशल प्रशासक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली की खुलकर प्रशंसा की है। उन्होंने सैनी को शांत, सौम्य और अद्भुत व्यक्तित्व वाला नेता बताते हुए कहा कि वे हंसमुख स्वभाव के साथ एक कठोर एवं कुशल प्रशासक भी हैं।हिसार में आयोजित एक कार्यक्रम में अमित शाह ने कहा कि जब जनता के बीच से निकला व्यक्ति शासन की जिम्मेदारी संभालता है, तब वास्तविक परिवर्तन दिखाई देता है।उन्होंने यह भी बताया कि विधानसभा चुनाव से पहले नायब सैनी को 22 जनकल्याणकारी कार्यों की जिम्मेदारी दी गई थी, जिन्हें उन्होंने लगभग ढाई महीने के भीतर पूरा कर दिया। शाह ने हरियाणा सरकार की पारदर्शी कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में अब युवाओं को बिना खर्ची और बिना पर्ची के सरकारी नौकरियां मिल रही हैं।

हरियाणा राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लगातार हरियाणा दौरों, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सार्वजनिक प्रशंसा और प्रदेश को मिल रही बड़ी विकास परियोजनाओं से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व हरियाणा को विकास और संगठन, दोनों दृष्टियों से अत्यंत महत्वपूर्ण राज्य मान रहा है। नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा को राष्ट्रीय स्तर पर लगातार नई जिम्मेदारियां और विकास की बड़ी सौगातें मिल रही हैं।


 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!