Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 06 May, 2026 08:46 PM

लक्ष्मण विहार एरिया मेंं उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक कंपनी कर्मी पर हथियारबंद बदमाश ने गोली चला दी। वारदात के बाद बदमाश मौके पर ही हथियार फेंककर फरार हो गया।
गुड़गांव,(ब्यूरो): लक्ष्मण विहार एरिया मेंं उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक कंपनी कर्मी पर हथियारबंद बदमाश ने गोली चला दी। वारदात के बाद बदमाश मौके पर ही हथियार फेंककर फरार हो गया। गनीमत यह रही कि गोली कंपनी कर्मी को छूकर निकल गई जिसे लोगों ने सिविल अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में घटनाक्रम कैद हो गया जिसमें बदमाश वारदात के बाद मौके से भागता हुआ नजर आ रहा है। सूचना मिलते ही सेक्टर-4 चौकी पुलिस सहित सेक्टर-9 थाना पुलिस व अपराध शाखा की टीम, सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
सेक्टर-4 चौकी प्रभारी एसआई नरवीर की मानें तो घटना शाम करीब सवा छह बजे हुई। लक्ष्मण विहार फेज-2 की गली नंबर 4 में रजत रस्तोगी रहते हैं और वह आईटी कंपनी में कार्य करते हैं। रोजाना की तरह वह अपनी ड्यूटी पर गए थे। शाम को जब वापस लौटकर गाड़ी घर के बाहर खड़ी कर सामान निकाल रहे थे तभी एक बदमाश ने उन पर फायर कर दिया। समय रहते वह पीछे हट गए और गोली दीवार पर जा लगी। वारदात के बाद आरोपी मौके पर ही देसी कट्टा फेंककर फरार हो गया। वहीं, इस फायरिंग में छर्रे रजत को लगे। गोली चलने की आवाज सुनकर गली में बैठे लोग एकदम हरकत में आए और घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े और घायल को अस्पताल पहुंचाया। इस मौके का फायदा उठाकर बदमाश दौड़ता हुआ मौके से भाग गया। सीसीवीटी कैमरे में दिखाई दे रहा है कि किस तरह से बदमाश कंधे पर एक बैग लटकाए भाग रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
चौकी प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि गोली किसने और क्यों मारी। इस मामले को पुरानी रंजिश अथवा लूट के प्रयास सहित अन्य ऐंगल से जांच कर रहे हैं। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।