Edited By Manisha rana, Updated: 09 Feb, 2026 05:35 PM

हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने अनुशासनहीनता और सरकारी आदेशों की अनदेखी करने पर मतलौड़ा मार्केट कमेटी के सेक्रेटरी कृष्ण कुंडू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई मार्केट कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष और उपाध्यक्ष...
पानीपत (सचिन शर्मा) : हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने अनुशासनहीनता और सरकारी आदेशों की अनदेखी करने पर मतलौड़ा मार्केट कमेटी के सेक्रेटरी कृष्ण कुंडू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई मार्केट कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों में बरती गई भारी लापरवाही के चलते की गई है।
नजारा देख दंग रह गए भाजपा कार्यकर्ता
जानकारी के अनुसार, मतलौड़ा मार्केट कमेटी कार्यालय में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होना था। प्रोटोकॉल के तहत सरकार की ओर से मार्केट कमेटी सेक्रेटरी को कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए थे। कार्यक्रम से पहले जब भाजपा कार्यकर्ता व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे, तो वहां का नजारा देख दंग रह गए। कार्यालय में कोई भी तैयारी पूरी नहीं थी।
कार्यकर्ताओं ने जब सेक्रेटरी कृष्ण कुंडू से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के बैठने के कार्यालय को दुरुस्त करने और अन्य व्यवस्थाएं करने को कहा, तो आरोप है कि सेक्रेटरी ने सहयोग करने के बजाय दो टूक जवाब देते हुए कह दिया कि यह उनका काम नहीं है। सेक्रेटरी के इस व्यवहार और तैयारियों की कमी की सूचना तुरंत पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार को दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पंचायत मंत्री ने स्वयं सेक्रेटरी कृष्ण कुंडू को फोन किया और उन्हें तुरंत व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के आदेश दिए। लेकिन, हद तो तब हो गई जब सेक्रेटरी ने मंत्री के सीधे आदेशों की भी अवहेलना कर दी और कार्यालय को ठीक करने से इनकार कर दिया। मंत्री के आदेशों की सरेआम नाफरमानी और सरकारी कार्य के प्रति गैर-जिम्मेदाराना रवैये को देखते हुए कृष्ण लाल पंवार ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने मौके पर ही सेक्रेटरी कृष्ण कुंडू को सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)