Edited By Isha, Updated: 09 Aug, 2026 07:58 AM

अर्बन एस्टेट क्षेत्र में हुई अंधाधुंध फायरिंग के चर्चित मामले में CIA हिसार की टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और बदमाशों के बीच सतरोड़ साउथ बाईपास पुल के पास हुई मुठभेड़ में दो आरोपी पैर में गोली लग
हिसार: अर्बन एस्टेट क्षेत्र में हुई अंधाधुंध फायरिंग के चर्चित मामले में CIA हिसार की टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और बदमाशों के बीच सतरोड़ साउथ बाईपास पुल के पास हुई मुठभेड़ में दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके एक अन्य साथी को भी पुलिस ने मौके से दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, सीआईए हिसार की टीम अर्बन एस्टेट फायरिंग केस के आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान पुलिस को सतरोड़ साउथ बाईपास पुल के पास बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली। जब पुलिस टीम ने उन्हें घेरने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो आरोपी राहुल उर्फ मुखिया और अंकित गोली लगने से घायल हो गए।

मुठभेड़ में घायल राहुल उर्फ मुखिया और अंकित को तुरंत इलाज के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, मौके से भागे एक अन्य आरोपी शिव कुमार को भी पुलिस ने राउंड अप कर लिया है। यह पूरी कार्रवाई DSP क्राइम कमलजीत और CIA हिसार प्रभारी PSI करण सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने अंजाम दी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अर्बन एस्टेट फायरिंग मामले में दर्ज FIR नंबर 262 के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस पहले भी तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पकड़े गए तीनों नए आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और मामले से जुड़ी अन्य कड़ियों को जोड़ने के लिए गहन पूछताछ जारी है।