Edited By Yakeen Kumar, Updated: 06 Sep, 2025 06:11 PM

कांग्रेस सांसद जय प्रकाश ने हरियाणा और केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कई मुद्दों पर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए और इसे जनता के हितों के खिलाफ बताया।
जींद (अमनदीप पिलानिया) : कांग्रेस सांसद जय प्रकाश ने हरियाणा और केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कई मुद्दों पर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए और इसे जनता के हितों के खिलाफ बताया। जय प्रकाश ने कहा कि पंजाब में बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए हरियाणा की सामाजिक संस्थाएं और संगठन सक्रिय रूप से सामग्री पहुंचा रहे हैं। इसके विपरीत हरियाणा सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी हुई है। उन्होंने सरकार की इस निष्क्रियता को शर्मनाक बताया।
सांसद ने आगे आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा बिहार चुनाव में अपने राजनीतिक फायदे के लिए GST में बदलाव कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती नहीं होगी, तब तक आम जनता को कोई राहत नहीं मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा और केंद्र में भाजपा की सरकार "वोट चोरी" के जरिए बनी है।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का उदाहरण देते हुए कहा कि एक समय था जब भारत ने अमेरिका के राष्ट्रपति से बातचीत करने से इनकार किया था। आज अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 28 बार भारत के प्रधानमंत्री के नाम का जिक्र कर 2 देशों के बीच युद्ध रोकने की बात कही है। सांसद ने हरियाणा में आई बाढ़ को प्राकृतिक नहीं, बल्कि "सरकारी आपदा" करार दिया। उन्होंने कहा कि समय रहते नालों और ड्रेन की सफाई नहीं होने के कारण पानी का स्तर बढ़ा, जिसके लिए अधिकारियों की लापरवाही जिम्मेदार है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)