Edited By Manisha rana, Updated: 21 Apr, 2026 02:52 PM

पलवल में हीट वेव (लू) को लेकर आमजन की सुरक्षा के दृष्टिगत पलवल जिला प्रशासन की ओर से दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
पलवल (दिनेश कुमार) : पलवल में हीट वेव (लू) को लेकर आमजन की सुरक्षा के दृष्टिगत पलवल जिला प्रशासन की ओर से दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. संजीव कुमार तोमर ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे हीट वेव संबंधी चेतावनियों पर नियमित रूप से ध्यान दें तथा शरीर में पानी की कमी न होने दें।
गर्मी में इन चीजों का करें सेवन
गर्मी के मौसम में अधिक से अधिक पानी पिएं और अपने आप को हाईड्रेड रखें। ओआरएस, लस्सी, नींबू पानी, छाछ आदि का सेवन करें। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें तथा धूप से बचाव के लिए टोपी, छाता और चश्मे का उपयोग करें। यथासंभव दिन के समय घर या ठंडे स्थानों पर रहें तथा बाहर निकलने पर पर्याप्त विश्राम लें। मौसमी फल एवं सब्जियों जैसे तरबूज, खरबूजा, खीरा आदि का सेवन करें। विशेष रूप से बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का ध्यान रखें।
उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच तेज धूप में बाहर निकलने से बचें। नंगे पैर बाहर न जाएं और भारी, तंग एवं गहरे रंग के कपड़े पहनने से परहेज करें। अत्यधिक गर्मी में श्रमसाध्य कार्य करने से बचें तथा बच्चों एवं पालतू जानवरों को बंद वाहनों में न छोड़ें। शराब, चाय, कॉफी और सॉफ्ट ड्रिंक्स के अधिक सेवन से बचें, क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी बढ़ाते हैं। बासी एवं अधिक प्रोटीन युक्त भोजन से भी परहेज करें। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे जिला प्रशासन द्वारा जारी की गई एडवाइजरी की पालन करें तथा हीट वेव के प्रभाव से स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रखें।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)