किसके सिर सजेगा BJP प्रदेशाध्यक्ष का ताज, हरियाणा में अब अध्यक्ष का चुनाव नहीं केवल नियुक्ति पत्र हो सकता है जारी

Edited By Manisha rana, Updated: 22 Jan, 2026 09:22 AM

haryana there will be no election state president appointment letter issued

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की कुर्सी का ताज किसके सिर सजेगा इसको लेकर प्रदेश में आए दिन नए-नए नामों की चर्चा चलती रहती है।

चंडीगढ़ : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की कुर्सी का ताज किसके सिर सजेगा इसको लेकर प्रदेश में आए दिन नए-नए नामों की चर्चा चलती रहती है। मौजूदा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली या फिर किसी अन्य चेहरे को आगे किया जाएगा, इसको लेकर भी हर कोई सवाल पूछता नजर आता है। इतना ही नहीं जिन स्थानों पर नगर निगमों के चुनाव होने हैं वहां भी चुनाव लड़ने के इच्छुक यही सवाल कर रहे हैं कि प्रदेशाध्यक्ष यही रहेंगे या फिर कोई अन्य ताकि वहां हाजिरी लगाई जा सके।

बताया जाता है कि अब हरियाणा में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का चुनाव नहीं होगा बल्कि नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन प्रदेशाध्यक्ष के नाम का नियुक्ति पत्र जारी कर देंगे। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने यदि मोहन लाल बड़ौली के दायित्व में किसी तरह का बदलाव नहीं किया तो उनके प्रदेश अध्यक्ष के पद पर बने रहने के लिए अलग से परिपत्र जारी करने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। 9 जुलाई 2024 को भाजपा ने मोहन लाल बड़ौली को प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी थी। पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष का न्यूनतम कार्यकाल 3 साल का होता है। इस हिसाब से मोहन लाल बड़ौली का करीब डेढ़ साल का कार्यकाल बाकी है। ऐसे में उन्हें समय से पहले प्रदेश अध्यक्ष के पद से दायित्व मुक्त किया जाएगा, इसकी बिल्कुल भी संभावना नहीं है।

30 प्रदेशों में संगठनात्मक निर्वाचन पूर्ण किया जा चुकाः प्रदेश अध्यक्षों की बात की जाए तो कुल 37 संगठनात्मक प्रदेशों में से 30 प्रदेशों में संगठनात्मक निर्वाचन पूर्ण किया जा चुका है, जिससे 81 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है। पंजाब, मणिपुर, नई दिल्ली और कर्नाटक के साथ हरियाणा उन 7 राज्यों में शामिल है, जहां राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के बाद अब प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव की जरूरत नहीं रह गई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के चुनाव की प्रक्रिया से पूर्व बूथ अध्यक्ष एवं बूथ समितियों की बात करें तो पूरे देश में कुल 10 लाख 70 हजार 462 बूथों में से 7 लाख 88 हजार 197 बूथ अध्यक्षों का निर्वाचन पूर्ण हो चुका है।

साथ ही 89 लाख 47 हजार 845 बूथ समिति सदस्य (111) गठित किए गए हैं। इस स्तर पर 74 प्रतिशत प्रगति हासिल हुई है। मंडल अध्यक्षों के क्रम में युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 45 वर्ष से कम आयु की पात्रता तय की गई थी। कुल 17 हजार 743 मंडलों में से 16 हजार 469 मंडल अध्यक्षों का निर्वाचन पूर्ण हुआ है, जो 93 प्रतिशत प्रगति को दर्शाता है। जिला अध्यक्षों के लिए कुल 1,036 जिलों में से 978 जिला अध्यक्षों का निर्वाचन संपन्न हो चुका है। इस स्तर पर 94 प्रतिशत प्रगति प्राप्त हुई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए भाजपा के संविधान के अनुसार निर्वाचक मंडलों का गठन किया गया है। इसमें संसदीय दल से 35 मनोनीत सदस्य, 741 निर्वाचित राष्ट्रीय परिषद सदस्य तथा 4,932 निर्वाचित प्रदेश परिषद सदस्य शामिल हैं। इस प्रकार निर्वाचक मंडल की कुल संख्या 5,708 हो गई। 

बड़ौली पर भरोसा जताया जाएगा या फिर कोई अन्य चेहरा ?
भाजपा नेतृत्व बड़ौली घर ही भरोसा जताएगा या फिर किसी अन्य नेता को बागडोर सौंपी जाएगी, यह तो आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा लेकिन कहा यही जा रहा है बडौली ऐसे ही काम करते रहेंगे। वैसे दूसरी और प्रदेश सरकार में मंत्री कृष्णबेदी, पूर्व मंत्री असीम गोयल तथा भाजपा महामंत्री सुरेन्द्र पूनिया का नाम भी चर्चाओं में है। भाजपा के एक प्रमुख नेता ने बताया कि अगर मोहन लाल बड़ौली के दायित्व में बदलाव किया जाना है, तभी हाईकमान की ओर से कोई परिपत्र जारी होगा, अन्यथा उन्हें उनके मौजूदा पद पर बनाए रखने के लिए अलग से कोई परिपत्र जारी करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्षनितिन नवीन के चुनाव से पहले संभावना जताई जा रही थे कि हरियाणा में अध्यक्ष बदला जा सकता है, लेकिन जब राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो गई तो राज्य में नये अध्यक्ष के चुनाव की संभावना पूरी तरह से खत्म हो गई है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!