Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 20 Jul, 2026 05:46 PM

बिजली कटौती से परेशान लक्ष्मण विहार के निवासियों ने देर रात को रेलवे रोड पर जाम लगा दिया। लोगों का गुस्सा उस वक्त सातवें आसमान पर पहुंच गया जब बिजली कटौती को तीन घंटे से भी ज्यादा समय बीत जाने के बाद न तो बिजली आई और न ही पंजीरी प्लांट स्थित बिजली...
गुड़गांव, (ब्यूरो): बिजली कटौती से परेशान लक्ष्मण विहार के निवासियों ने देर रात को रेलवे रोड पर जाम लगा दिया। लोगों का गुस्सा उस वक्त सातवें आसमान पर पहुंच गया जब बिजली कटौती को तीन घंटे से भी ज्यादा समय बीत जाने के बाद न तो बिजली आई और न ही पंजीरी प्लांट स्थित बिजली निगम के शिकायत केंद्र पर लोगों को ताला लटका मिला। गुस्साए लोगों ने रेलवे रोड को जाम लगा दिया जिससे वाहन चालकों को परेशानी हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया। करीब आधे घंटे तक समझाने के बाद लोग जाम खोलने को तैयार हुए।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
दरअसल, पिछले कई दिनों से लक्ष्मण विहार एरिया में बिजली कटौती की समस्या चल रही है। देर रात को यहां वोल्टेज में उतार चढ़ाव होना आम बात है। रात भर बिजली के उतार चढ़ाव का खेल चलता रहा है। पिछले तीन दिनों से लगातार रात को बिजली घंटो गुल रहती है। कल पूरा दिन बिजली कटौती होने के साथ ही रात को भी बिजली गुल रही। करीब दो घंटे तक इंतजार करने के बाद जब लोगों ने बिजली निगम कर्मचारियों और बिजली निगम के पंजीरी प्लांट स्थित शिकायत केंद्र पर फोन किया तो किसी ने भी फोन नहीं उठाया। ऐसे में लोगों का गुस्सा भड़क गया और वह बिजली निगम कार्यालय के बाहर एकत्र हो गए। लोगों ने पंजीरी प्लांट कार्यालय पर ताला लटका देखा तो उन्होंने रेलवे रोड पर बिजली निगम कार्यालय के बाहर रखी लकड़ी की सीढ़ी को रेलवे रोड पर डाल दिया और जाम लगा दिया। इससे वाहन चालकों को परेशानी होने लगी। जाम लगाए जाने की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम लगा रहे लोगों को समझाया, लेकिन लोग नहीं माने। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद लोगों को जब बिजली कटौती की समस्या के समाधान का आश्वासन मिला तो वह जाम खोलने को तैयार हुए।
वहीं, मामले में जब न्यू कॉलोनी सब डिविजन के एसडीओ साहिल गर्ग ने बताया कि क्षेत्र में गैस पाइप लाइन डालने का कार्य किया जा रहा है जिन्होंने यहां से गुजर रही 11 हजार केवी की लाइन को डेमेज कर दिया। इस कारण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति गुल रही। यहां वैकल्पिक व्यवस्था करने में समय लग गया और बिजली आपूर्ति दोबारा सुचारू की जा सके इसके लिए बिजली निगम पंजीरी प्लांट में मौजूद सभी कर्मचारियों को मौके पर भेजकर कार्य कराया गया ताकि जल्द ही आपूर्ति सुचारू हो सके। एसडीओ ने बताया कि क्षेत्र की बिजली वोल्टेज उतार चढ़ाव को लेकर कार्य किया जा रहा है। छोटे ट्रांसफार्मर हटाकर बड़े ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं, लेकिन कई स्थानों पर लोगों द्वारा बिजली निगम कर्मचारियों को कार्य नहीं करने दिया जा रहा जिसके कारण व्यवस्था दुरुस्त करने में दिक्कत आई। जल्द ही क्षेत्र की बिजली की दिक्कत को दूर कर दिया जाएगा।