जाम से राहत दिलाने के लिए अंबेडकर चौक पर 38 करोड़ की लागत से बनेगा फ्लाईओवर

Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 14 Jul, 2026 08:11 PM

gmda float tender to construct flyover on ambedkar chowk

गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने गुरुग्राम के व्यस्त अम्बेडकर चौक पर फ्लाईओवर बनाने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया है। यह कदम शहर में बढ़ते ट्रैफिक और जाम की समस्या को कम करने के लिए उठाया गया है।

गुड़गांव, (ब्यूरो): गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने गुरुग्राम के व्यस्त अम्बेडकर चौक पर फ्लाईओवर बनाने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया है। यह कदम शहर में बढ़ते ट्रैफिक और जाम की समस्या को कम करने के लिए उठाया गया है। यह चौराहा सेक्टर 45, 46, 51 और 52 को जोड़ता है और शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक है। परियोजना का उद्देश्य यातायात को सुचारु बनाना, जाम कम करना और आर डी सिटी रोड तथा सोहना रोड के बीच बिना रुकावट आवाजाही सुनिश्चित करना है। इस पर करीब 38 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और निर्माण शुरू होने के 18 महीने में यह बनकर तैयार होगा। इसके लिए टेंडर जारी कर दिए हैं। 

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी.सी. मीणा ने बताया कि प्राधिकरण शहर के प्रमुख जाम वाले चौराहों पर चरणबद्ध तरीके से ग्रेड सेपरेटेड सड़कें विकसित कर रहा है, ताकि बढ़ते ट्रैफिक के हिसाब से बेहतर सड़क व्यवस्था तैयार की जा सके। उन्होंने कहा कि अंबेडकर चौक फ्लाईओवर सुरक्षित, तेज और बेहतर सड़क नेटवर्क की दिशा में अहम कदम है। इससे शहर के पूर्व भाग का पश्चिम भाग से संपर्क बेहतर होगा।

 

उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत अंबेडकर चौक पर करीब 900 मीटर लंबा चार लेन का दो तरफ़ा फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इससे अरडी सिटी रोड और सोहना रोड के बीच यातायात बिना रुकावट चल सकेगा। फ्लाईओवर के दोनों ओर दो-दो लेन की सर्विस रोड भी बनाई जाएंगी, ताकि स्थानीय यातायात आसानी से चल सके। इसके अलावा फुटपाथ, पैदल यात्रियों की सुविधा, वर्षा जल निकासी व्यवस्था, क्रैश बैरियर, सड़क संकेतक, रोड मार्किंग, यूटिलिटी शिफ्टिंग और अन्य सड़क सुरक्षा कार्य भी किए जाएंगे।

 

पीसी मीणा ने यह भी बताया कि भविष्य में ट्रैफिक बढ़ने की संभावना को देखते हुए परियोजना की योजना में अंबेडकर चौक पर अंडरपास का प्रावधान भी किया गया है। इससे जरूरत पड़ने पर बाद में अंडरपास बनाया जा सकेगा और फ्लाईओवर की मौजूदा संरचना में बड़े बदलाव नहीं करने पड़ेंगे। इससे भविष्य की जरूरतों के हिसाब से सड़क ढांचा तैयार करना आसान और किफायती होगा। इस फ्लाईओवर से अरडी सिटी, साउथ सिटी-2, मालिबू टाउन, मेफील्ड गार्डन, निर्वाणा कंट्री, सुशांत लोक-2 और 3, साथ ही सेक्टर 45, 46, 50, 51, 52 और 57 के लोगों को फायदा मिलेगा। सोहना रोड और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड की ओर जाना भी आसान होगा। इससे अंबेडकर चौक पर लगने वाला जाम कम होगा और यातायात अधिक तेज और सुचारु चलेगा।

 

अंबेडकर चौक पर फ्लाईओवर बनाने के फैसले का आसपास के सेक्टरों के लोगों ने स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि इससे लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से राहत मिलेगी। उनका मानना है कि फ्लाईओवर बनने के बाद यात्रा का समय घटेगा और रोजाना इस मार्ग का इस्तेमाल करने वालों को काफी सुविधा मिलेगी। नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) के पार्षद कुलदीप यादव ने कहा कि अंबेडकर चौक फ्लाईओवर इस क्षेत्र के लोगों और रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों यात्रियों के लिए बहुत अहम परियोजना है। इसके बनने से जाम काफी हद तक कम होगा, यात्रा का समय घटेगा और आवागमन ज्यादा सुरक्षित व सुविधाजनक बनेगा। यह परियोजना जनता के लिए बहुत लाभकारी होगी और क्षेत्र के विकास को भी गति देगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!