Edited By Manisha rana, Updated: 21 Mar, 2026 04:27 PM

फरीदाबाद जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सगाई से नाराज एक युवक ने कथित तौर पर युवती को जबरदस्ती जहर खिला दिया और खुद भी जहर खा लिया।
फरीदाबाद (अनिल राठी) : फरीदाबाद जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सगाई से नाराज एक युवक ने कथित तौर पर युवती को जबरदस्ती जहर खिला दिया और खुद भी जहर खा लिया। घटना के बाद दोनों की हालत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल दोनों का इलाज जारी है। पुलिस ने युवती के बयान के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पलवल जिले के एक गांव की रहने वाली 26 वर्षीय युवती एक निजी स्कूल में टीचर है। युवती ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी नोएडा निवासी मोनू भाटी से पिछले करीब 8 साल से दोस्ती थी। इस दौरान दोनों के बीच फोन पर लगातार बातचीत होती रहती थी। इस दौरान उनके बीच करीबी संबंध भी बन गए थे।
युवती की सगाई से नाराज था युवक
इसी बीच, जनवरी 2026 में युवती की सगाई किसी अन्य युवक के साथ तय हो गई। सगाई की जानकारी मिलने के बाद मोनू भाटी नाराज हो गया। पीड़िता के अनुसार, 19 मार्च को मोनू भाटी अचानक उसके स्कूल पहुंच गया और उससे मिलने की बात कही। दोनों के बीच सगाई को लेकर बातचीत हुई, जिसमें युवती ने स्पष्ट कर दिया कि अब उसकी सगाई हो चुकी है और वह आगे उससे कोई संबंध नहीं रखना चाहती।
युवक बोला- शादी नहीं हुई तो जान दे दूंगा
इसके बाद आरोपी युवक युवती को अपनी कार में बैठाकर गांव कैली गांव के पास नियर देवांश गार्डन में ले गया। वहां दोनों के बीच करीब 10-15 मिनट तक बातचीत हुई। आरोप है कि इसी दौरान मोनू भाटी ने अपनी गाड़ी से जहर की पुड़िया निकाली और कहा कि अगर दोनों की शादी नहीं हो सकती तो वह अपनी जान दे देगा।
कुछ देर बाद दोनों की तबीयत बिगड़ी
पीड़िता के मुताबिक, उसने युवक को ऐसा करने से रोका और खुद भी जहर खाने से मना किया, लेकिन आरोपी ने उसकी बात नहीं मानी और जबरदस्ती उसे जहर खिला दिया। इसके बाद उसने खुद भी जहर खा लिया। कुछ ही देर में दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी और हालत गंभीर हो गई। हालत बिगड़ने पर आरोपी युवक ही युवती को अपनी कार में लेकर एक निजी अस्पताल पहुंचा, जहां दोनों को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। अस्पताल प्रबंधन ने मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी।
युवती के बयान पर केस दर्ज
सूचना मिलते ही सेक्टर-58 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती के बयान दर्ज किए। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि युवती के बयान के आधार पर आरोपी युवक पर केस दर्ज किया गया है। फिलहाल दोनों का अस्पताल में इलाज जारी और दोनों की हालात सामान्य हैं। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)