Edited By Harman, Updated: 21 May, 2026 06:44 PM

रोहतक जिला के सरकारी अस्पताल में आज सुबह मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. रमेश चंद्र तथा एक आईपीएस अधिकारी ने औचक निरीक्षण कर अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों में भगदड़ मच गई कर्मचारी अपनी अपनी ड्यूटी पर...
रोहतक ( दीपक भारद्वाज) : रोहतक जिला के सरकारी अस्पताल में आज सुबह मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. रमेश चंद्र तथा एक आईपीएस अधिकारी ने औचक निरीक्षण कर अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों में भगदड़ मच गई कर्मचारी अपनी अपनी ड्यूटी पर तैनात दिखाई दिए । अस्पताल में बिजली, पानी, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई, मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।
बताया जा रहा है कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी मांगी गई है। इसी के तहत अधिकारियों ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, आपातकालीन विभाग और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली गई।
सीएमओ डॉ. रमेश चंद्र ने कहा कि अस्पताल में अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई हैं, लेकिन सफाई व्यवस्था में कुछ कमियां सामने आई हैं। उन्होंने माना कि कुछ स्थानों पर साफ-सफाई के स्तर में सुधार की आवश्यकता है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे तथा नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा बिजली, पेयजल और दवाइयों की उपलब्धता को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अस्पताल की सभी व्यवस्थाओं को जल्द से जल्द और अधिक सुचारू बनाया जाएगा ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। स्वास्थ्य विभाग ने भरोसा दिलाया कि अस्पताल में सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार के प्रयास जारी रहेंगे।