कैथल के गांव चुहड़ माजरा का नाम बदल ब्रह्मानंद माजरा करने सहित कई घोषणाएं कर CM ने खोला सौगातों का पिटारा

Edited By Manisha rana, Updated: 24 Dec, 2025 09:09 AM

cm saini unveiled a treasure trove of gifts

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कहा कि जगद् गुरु ब्रह्मानंद सरस्वती जी संपूर्ण मानवता के मार्गदर्शक थे। उनका पूरा जीवन मानव सेवा, धर्म, त्याग और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा। वे ऐसे प्रकाशस्तंभ थे, जिनके ज्ञान की किरणें आज भी हमारे विचारों,...

चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरणी) : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कहा कि जगद् गुरु ब्रह्मानंद सरस्वती जी संपूर्ण मानवता के मार्गदर्शक थे। उनका पूरा जीवन मानव सेवा, धर्म, त्याग और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा। वे ऐसे प्रकाशस्तंभ थे, जिनके ज्ञान की किरणें आज भी हमारे विचारों, हमारी संस्कृति और समाज को दिशा प्रदान कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए गांव चुहड़ माजरा का नाम बदलकर ब्रह्मानंद माजरा करने की आधिकारिक घोषणा की। साथ ही उन्होंने कई बड़ी विकास परियोजनाओं की घोषणा कर विकास का पिटारा खोल दिया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को कैथल जिले के गांव चुहड़ माजरा में हरियाणा सरकार द्वारा जगत गुरु ब्रह्मानंद जी जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा विधान सभा के अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने की। समारोह में हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, महीपाल ढांडा, राव नरबीर सिंह, सांसद नवीन जिंदल एवं विधायक श्री सतपाल जांबा सहित, राम कुमार कश्यप, योगेंद्र राणा, भगवानदास कबीरपंथी अन्य विधायकगण व पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक सहित समाज के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

नायब सिंह सैनी ने गांव चुहड़ माजरा में पहुंचने पर सबसे पहले गांव में गुरु ब्रह्मानंद मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की ओर से गुरु ब्रह्मानंद जी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम में अपने संदेश में महान संत स्वामी ब्रह्मानंद जी को नमन करते हुए कहा कि गुरु ब्रह्मानंद जी ने समाज को ज्ञान, भक्ति और समरसता का मार्ग दिखाया था। सादा जीवन उच्च विचार उनके मुख्य संस्कार थे। उनका जन्म वर्ष 1908 में हरियाणा के कैथल जिले के चुहड़ माजरा गांव में एक साधारण रोड परिवार में हुआ। बचपन से ही ईश्वर-भक्ति का गहरा रुझान, अध्यात्म के प्रति जिज्ञासा और परमात्मा की खोज की धुन उन्हें अलग पहचान देती थी। उन्होंने अपना जीवन, कर्म, ज्ञान व तपस्या मानवता के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। 

स्वामी जी का आर्य समाज में गहरा विश्वास था। वे एकेश्वरवाद, ओंकार और निराकार ईश्वर की उपासना का संदेश देते थे। उनका कहना था कि ईश्वर सबका है, सबके लिए है और मानवमात्र की सेवा ही सच्ची ईश्वर-भक्ति है। उनका जीवन इस सत्य का ज्वलंत उदाहरण था। जब समाज में शिक्षा, स्वास्थ्य सहित तमाम सुविधाओं का अभाव था और समाज को रूढि़वादिता ने घेरा हुआ था, उस समय में गुरु ब्रह्मानंद जी ने अपनी वाणी, अपनी कलम और अपने कर्म से समाज में जागरूकता की नई अलख जगाई। उन्होंने उस समय में ग्रामीण क्षेत्रों और विशेषकर महिलाओं में शिक्षा प्रसार को अपना ध्येय बनाया। उनका विश्वास था कि गौ सेवा, शिक्षा और समाज सुधार, इन तीन स्तंभों पर ही एक सुखी और सभ्य समाज की नींव टिक सकती है। स्वामी ब्रह्मानन्द जी का जीवन हमें हमारी महान भारतीय संस्कृति, हमारी सभ्यता और हमारे नैतिक मूल्यों की रक्षा और संवर्धन की प्रेरणा देता है। आज के सामाजिक माहौल में स्वामी जी के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं। हमारा दायित्व है कि हम उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में नैतिकता, सामाजिक मूल्यों और आपसी सद्भाव की कडि़यों को मजबूत करें। यह उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी कि हम उनके समाज सुधार, शिक्षा प्रसार और गौ सेवा जैसे पवित्र कार्यों को आगे बढ़ाएं और उन्हें नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।

उन्होंने कहा कि गुरु ब्रह्मानन्द जी की शिक्षाओं पर चलते हुए रोड समाज ने मानव सेवा को अपनाया है। रोड समाज एक बहादुर समाज है और इसका वीरतापूर्ण इतिहास है। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में संत-महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना चलाई हुई है। इसके तहत संतों और महापुरुषों के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं ताकि आने वाली पीढ़ी उनसे प्रेरित हो और उनके जीवन से मार्गदर्शन प्राप्त कर सके। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे गुरु ब्रह्मानंद जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाते हुए नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहें। मोबाइल जैसी तकनीकों का प्रयोग समय बर्बाद करने में करने की बजाए गुरु ब्रह्मानंद जी की शिक्षाओं को आगे बढ़ाने एवं सशक्त राष्ट्र निर्माण की दिशा में करने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है, इस संकल्प को पूरा करने के लिए युवा अहम भूमिका निभाएं। हरियाणा सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ को गुरु ब्रह्मानंद जी के जन्मोत्सव की बधाई दी और ओउम तत्सत का नारा लगाकर विकास कार्यों की झड़ी लगा दी। उन्होंने गांव चुहड़ माजरा का नाम बदलकर ब्रह्मानंद माजरा करने, गांव के लिंक मार्ग पर गुरु ब्रह्मानंद के नाम से भव्य स्वागत द्वार बनाने के लिए 21 लाख रुपये देने, गांव में बच्चों के लिए लाइब्रेरी बनाए जाने, ढांड से पूंडरी तक जाने वाली मुख्य सड़क का नामकरण गुरु ब्रह्मानंद मार्ग किए जाने, 51 लाख रुपये की ग्रांट दिए जाने, पानीपत के गांव अहर को सब तहसील बनाने की प्रक्रिया को मानकों (नॉर्म्स) के अनुसार जल्द ही पूरा किए जाने व इसी गांव में गुरु ब्रह्मानंद के नाम से चौक बनाने व गुरुग्राम में बच्चों की पढ़ाई के लिए आवश्यक जगह देने की घोषणा की। साथ ही करनाल में अंजनथली गुरुकुल व सेक्टर 32 में कोचिंग सेंटर के लिए 11-11 लाख रुपये देने की घोषणा की।

समारोह को संबोधित करते हुए हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि गुरु ब्रह्मानंद जी ने सेवा को ही साधना और मानवता को सबसे बड़ा गुण बताया था। हमें आज संकल्प लेना चाहिए कि गुरु जी की शिक्षाओं को जीवन में उतारेंगे और उनकी शिक्षाओं को आगे बढ़ाएंगे। महापुरुष किसी एक जाति व समाज के नहीं होते, सभी के साझे होते हैं। गुरु ब्रह्मानंद जी ने नारी शिक्षा, पर्यावरण के विकास पर बल दिया था, वहीं नशे जैसी बुराई के खिलाफ आवाज उठाई थी। हमें उनकी शिक्षाओं पर चलते हुए समाज को आगे बढ़ाना चाहिए। 

उन्होंने गुरु ब्रह्मानंद जी के जन्मोत्सव को सरकार द्वारा राज्य स्तर पर मनाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व हरियाणा सरकार का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने गांव के विकास के लिए स्वयं की ओर से 31 लाख रुपये की ग्रांट देने सहित हरियाणा विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण मिड्ढा, जनस्वास्थ्य एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा, शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, सांसद नवीन जिंदल की सहमति से 21-21 लाख रुपये की ग्रांट व जिला परिषद चेयरमैन की सहमति से जिला परिषद कैथल की ओर से 21 लाख रुपये ग्रांट देने की घोषणा की। जिसका उपस्थित लोगों ने जमकर स्वागत किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को जगद् गुरुब्रह्मानंद के जन्मोत्सव की बधाई दी और उनका आह्वान किया कि वे गुरु जी के दिखाए मार्ग पर चले। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी सहित हरियाणा विधान सभा स्पीकर द्वारा की गई विकास कार्यो की घोषणाओं से लोग गद गद दिखे और तालियां बजाकर अभिनंदन किया। समारोह को हरियाणा विधान सभा उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण मिड्डा, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, सांसद नवीन जिंदल, विधायक सतपाल जांबा ने भी संबोधित किया। साध्वी अभिलाषा ने समारोह के अंत में गुरु ब्रह्मानंद आश्रम की ओर से सभी का आभार जताया।

सरकार द्वारा संत परंपरा को दिया जा रहा सम्मान : जांबा

विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि सरकार द्वारा संत परंपरा को सम्मान देना यह दर्शाता है कि हरियाणा केवल विकास की नहीं, संस्कारों की भी धरती है। गुरू जी का जीवन हमें सिखाता है कि सच्ची भक्ति दिखावे में नहीं, सेवा में होती है। अगर हम किसी के चेहरे पर मुस्कान ला सके, तो वही सबसे बड़ा सत्संग है। जगद्गुरु स्वामी ब्रह्मानंद जी का संदेश कभी किसी एक विशेष जाति, वर्ग या समाज के लिए नहीं रहा। उनका संदेश 36 बिरादरी के लिए तथा सर्व समाज के हित और संपूर्ण मानवता की भलाई में रहा है। आज का हमारा युवा समाज भी गुरु जी के विचारों, उनके आदर्शों और उनके संदेशों से गहराई से जुड़ा है। हम गुरु जी द्वारा दिखाए गए मार्ग  पर चलकर एक सशक्त और मजबूत समाज का निर्माण करेंगे।

गुरु जी का जीवन मानवता और समाज के लिए एक प्रेरणा का स्त्रोत : सांसद नवीन जिंदल

सांसद नवीन जिंदल ने गांव चुहड माजरा की पावन धरा पर गुरु ब्रह्मानंद जी को नमन करने के साथ-साथ गुरु जी के जन्मोत्सव पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने सभी वर्गों के लिए महापुरुषों की जयंतियां सरकारी स्तर पर मनाने का जो फैसला लिया है, वह काफी सराहनीय है। गुरु जी का जीवन मानवता और समाज के लिए एक प्रेरणा का स्त्रोत है। उन्होंने जन मानस को तपस्या से समृद्ध किया। उन्होंने हमें सात्विक और आध्यात्मिक जीवन जीना सिखाया। गांव चुहड़ माजरा में पहले भी काफी विकास हुआ है। हम सबको मिलकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में इस गांव को बहुत सुंदर बनाएंगे।

सर्व समाज के होते हैं संत महात्मा : मंत्री रणबीर गंगवा

लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य विभाग के मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि संत महात्मा किसी एक धर्म के नहीं बल्कि वे सर्व समाज के होते हैं। गुरु ब्रह्मानंद जी ने हमें सत्य एवं साधना का मार्ग दिखाया। उन्होंने सदैव आपसी भाईचारा और समरसता का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से आह्वान कि वे गुरु जी के दिखाए मार्ग पर चल कर उनकी शिक्षाओं को आगे बढ़ाएं।

तप, त्याग, साधना का रहा गुरु ब्रह्मानंद जी का जीवन : शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि गुरु ब्रह्मानंद जी का जीवन तप, त्याग, साधना का रहा है। उन्होंने हमेशा समाज के अंतिम व्यक्ति का कल्याण करने के लिए प्रेरित किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में शिक्षा, संस्कार और रोजगार से जोड़ने का प्रयास निरंतर जारी है। उन्होंने युवाओं से अपील कि वे गुरू जी के विचारों को अपने जीवन में अपनाते हुए सच्चाई, ईमानदारी और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प लें।

ये रहे उपस्थित

इस मौके पर विधानसभा उपाध्यक्ष कृष्ण लाल मिड्डा, लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य विभाग के मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, सांसद नवीन जिंदल, विधायक सतपाल जांबा, विधायक योगेंद्र राणा, इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप, भगवान दास कबीर पंथी, रोड महासभा के प्रधान चौ. बलकार सिंह, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, प्रदेश उपाध्यक्ष वेदपाल एडवोकेट, जिलाध्यक्ष  ज्योति सैनी, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर, पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, पूर्व विधायक लीला राम, कुलवंत बाजीगर, रणधीर गोलन, मक्खन सिंह, तेजवीर सिंह, सुल्तान सिंह जडौला, कलीराम पटवारी, जिला परिषद के चेयरमैन कर्मबीर कौल, विरेंद्र मराठा, सरपंच कविता देवी, ऋषि पाल मथाना, देवेंद्र कल्याण, पूज्यनीय साध्वी दर्शना देवी, महंत संजीवानंद, साध्वी देव अभिलाषा, हरियाणा सरकार में शहीद स्मारक अंबाला के निदेशक डा. कुलदीप सैनी, जिला प्रशासन प्रशासन की ओर से डीसी अपराजिता, एसपी उपासना आदि मौजूद रहे।

 

 

 

Related Story

Trending Topics

IPL
Royal Challengers Bengaluru

190/9

20.0

Punjab Kings

184/7

20.0

Royal Challengers Bengaluru win by 6 runs

RR 9.50
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!