Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 26 Jan, 2026 04:16 PM

नेपाल से भारत आकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक आरोपी के एनकाउंटर में अहम भूमिका निभाने वाले अपराध शाखा सेकटर-43 के सिपाही रोहित को आज मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया है।
गुड़गांव, (ब्यूरो): नेपाल से भारत आकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक आरोपी के एनकाउंटर में अहम भूमिका निभाने वाले अपराध शाखा सेकटर-43 के सिपाही रोहित को आज मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान उन्हें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रशस्तिपत्र दिया है। सिपाही रोहित ने आरोपी भीम जोरा और लखन गैंग के सक्रिय सदस्यों का पता लगाने में अहम भूतिका निभाई थी। अब तक सिपाही रोहित ने 150 से ज्यादा वारदातों की तकनीकी जांच कर अहम सुराग जुटाए और आरोपियों का पता लगाकर उन्हेंं काबू करने में अपनी भूमिका निभाई है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
मूल रूप से बहादुरगढ़ का रहने वाले रोहित साल 2019 में बतौर सिपाही हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए। बचपन से ही देश सेवा के लिए कार्य करने के लिए उन्होंने ठान ली और पुलिस सेवा में आने के बाद गुड़गांव में अपनी सेवाएं देते हुए कई वांछित अपराधियों का पता लगाते हुए उन्हें जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा। उनके इस कार्य के प्रति लग्न और मेहनत को देखते हुए ही उन्हें आज यह सम्मान दिया गया है।
आपको बता दें कि भीम जोरा गुड़गांव के सिविल लाइन स्थित एक कारोबारी को जहर देकर घर से चोरी करने और भाजपा दिल्ली की महिला उपाध्यक्ष के गुड़गांव निवास पर इसी तरह से चोरी करने के मामले में वांछित था। इसके साथ ही उसने दिल्ली में एक डॉक्टर की बेरहमी से हत्या कर दी थी जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। आरोपी भीम जोरा नेपाल का रहने वाला था और उसने भारत में कई अलग-अलग राज्यों में चोरी सहित अन्य संगीन वारदातों को अंजाम दिया हुआ था। इस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गुड़गांव, दिल्ली ही नहीं बल्कि कई अन्य राज्यों की पुलिस को तलाश थी।
इसकी जानकारी जुटाने में सिपाही रोहित की तकनीकी जानकारी काम आई और उसने इस आरोपी का पता निकाल लिया। जब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गुड़गांव और दिल्ली पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर रेड की तो आरोपी ने पुलिस पर ही फायरिंग कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में एक गोली आरोपी भीम जोरा को लगी थी जिसकी मौत हो गई थी। इसके अलावा पुलिस को लाखन गैंग के सदस्यों की भी तलाश थी। इन सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा था। इस गैंग के सदस्यों का पता लगाने में भी सिपाही रोहित का अहम योगदान रहा जिसके कारण ही आज उन्हें मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया है।