Edited By Harman, Updated: 02 Jul, 2026 04:04 PM

बहादुरगढ़ शहर के छोटूराम नगर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक की हत्या का आरोप उसके सगे बड़े भाई पर लगा है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
बहादुरगढ़ (प्रवीण धनखड़) : बहादुरगढ़ शहर के छोटूराम नगर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक की हत्या का आरोप उसके सगे बड़े भाई पर लगा है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी श्रीकांत के रूप में हुई है। वह अपने बड़े भाई अरुण के साथ छोटूराम नगर में किराये पर रहकर मेहनत-मजदूरी करता था। मृतक की बहन रूबी ने बताया कि रात करीब 12:51 बजे उसके पास बड़े भाई अरुण का फोन आया। फोन पर अरुण ने कहा, "मैंने श्रीकांत को मार दिया है।" पहले तो परिवार को इस बात पर विश्वास नहीं हुआ, लेकिन उन्होंने तुरंत बहादुरगढ़ में रहने वाले परिचितों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने पर प्रेम नगर निवासी परिचित सोनू मौके पर पहुंचे तो श्रीकांत का शव कमरे में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। इसी दौरान पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी अरुण मौके से फरार हो गया। परिजनों ने उससे कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। सुबह एक बार किसी महिला ने उसका फोन उठाया, जिसके बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है। हत्या के पीछे क्या कारण रहे, इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।