Edited By Krishan Rana, Updated: 28 Oct, 2026 02:34 PM

गुजरात स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में हरियाणा के
बहादुरगढ़ : गुजरात स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में हरियाणा मूल के युवा IPS अधिकारी रोहित डागर परेड की अगुवाई करेंगे। बहादुरगढ़ निवासी रोहित डागर के लिए यह अवसर पेशेवर उपलब्धि के साथ-साथ भावनात्मक रूप से भी बेहद खास है।
भारत में राष्ट्रीय महत्व के तीन प्रमुख परेड आयोजनों में 26 जनवरी की गणतंत्र दिवस परेड, 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़े सैन्य एवं औपचारिक आयोजन तथा 31 अक्टूबर की राष्ट्रीय एकता दिवस परेड विशेष महत्व रखते हैं।
इनमें राष्ट्रीय एकता दिवस परेड देश के विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की एकता, अनुशासन, शौर्य एवं सामूहिक शक्ति का प्रतीक है। ऐसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन में परेड की अगुवाई करना किसी भी पुलिस अधिकारी के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण जिम्मेदारी मानी जाती है।
राष्ट्रीय एकता दिवस हर वर्ष 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल के देश के एकीकरण में अतुलनीय योगदान को याद करने के लिए मनाया जाता है। इस वर्ष समारोह में 'नक्सल मुक्त भारत' के संकल्प और देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के संदेश को विशेष महत्व दिया जाएगा। आयोजन के माध्यम से देश की एकता, अखंडता, सुरक्षा और विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों के बीच समन्वय एवं सामूहिक शक्ति का प्रदर्शन किया जाएगा।
इस बार राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में अब तक की सर्वाधिक टुकड़ियों की भागीदारी प्रस्तावित है। परेड में विभिन्न राज्य पुलिस बलों और अन्य अर्धसैनिक बलों की 19 टुकड़ियां तथा NCC की एक टुकड़ी शामिल होगी। इसके अतिरिक्त 10 राज्यों एवं संगठनों के बैंड भी अपनी प्रस्तुति देंगे। यह भव्य आयोजन देश की विविधता में एकता, अनुशासन और सुरक्षा बलों की प्रतिबद्धता का प्रतीक होगा।
समारोह के दौरान माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को सम्मान गार्ड (गार्ड ऑफ ऑनर) प्रदान किया जाएगा। इसके पश्चात माननीय प्रधानमंत्री जी देशवासियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश की सामूहिक शक्ति का संदेश देंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री का संबोधन समारोह का एक प्रमुख आकर्षण होगा।
समारोह का सीधा प्रसारण 31 अक्टूबर को शाम 5 बजे से दूरदर्शन सहित अन्य प्रमुख समाचार चैनलों पर किया जाएगा, जिससे देशभर के लोग इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बन सकेंगे।
IPS रोहित डागर ने बताया कि 31 अक्टूबर का दिन उनके लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन उनके पिता स्वर्गीय जगदीश सिंह का भी जन्मदिवस है। ऐसे खास दिन पर देश की एकता और अखंडता के प्रतीक राष्ट्रीय एकता दिवस परेड की अगुवाई करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व और भावुकता से भरा अनुभव है।
उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित होने वाला यह समारोह राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश की सामूहिक शक्ति का संदेश देता है। ऐसे ऐतिहासिक अवसर पर परेड की अगुवाई करना उनके लिए विशेष सम्मान की बात है।
बहादुरगढ़ से जुड़े IPS रोहित डागर की इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए भी गौरवपूर्ण माना जा रहा है। उनकी यह जिम्मेदारी देश के प्रति समर्पण, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)