Haryana: फरीदाबाद NCR की ‘डेथ वैली’ बनीं अरावली की झीलें, 16 साल में 100 से ज्यादा मौतें

Edited By Manisha rana, Updated: 10 May, 2026 10:16 AM

aravalli lakes have become the  death valley  of faridabad ncr

फरीदाबाद की अरावली पहाड़ियों में बनी कृत्रिम झीलें अब दिल्ली-एनसीआर के युवाओं के लिए मौत का जाल साबित हो रही हैं। सोशल मीडिया पर ‘हिडन लेक’, ‘ब्लू वाटर प्वाइंट’ और ‘वीकेंड एडवेंचर स्पॉट’ के नाम से मशहूर ये झीलें अब तक 100 से ज्यादा युवाओं की जान ले...

फरीदाबाद (अनिल राठी) : फरीदाबाद की अरावली पहाड़ियों में बनी कृत्रिम झीलें अब दिल्ली-एनसीआर के युवाओं के लिए मौत का जाल साबित हो रही हैं। सोशल मीडिया पर ‘हिडन लेक’, ‘ब्लू वाटर प्वाइंट’ और ‘वीकेंड एडवेंचर स्पॉट’ के नाम से मशहूर ये झीलें अब तक 100 से ज्यादा युवाओं की जान ले चुकी हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार पिछले 16 सालों में इन झीलों में डूबने से लगातार हादसे सामने आए हैं।

फरीदाबाद पुलिस प्रशासन हुआ सख्त

हाल ही में दो युवकों की मौत के बाद फरीदाबाद पुलिस प्रशासन सख्त हो गया है। डीसीपी एनआईटी Ms. उत्तम ने झीलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने कई रास्तों को जेसीबी मशीन से खुदवाकर बंद कर दिया है ताकि लोग झीलों तक न पहुंच सकें।

PunjabKesari

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अरावली क्षेत्र की झीलें

अरावली क्षेत्र की ये झीलें इंस्टाग्राम, यूट्यूब और फेसबुक पर तेजी से वायरल हो रही हैं। ‘दिल्ली के पास सीक्रेट लेक’, ‘ब्लू लेक एडवेंचर’ और ‘हिडन पैराडाइज’ जैसे कैप्शन युवाओं को आकर्षित कर रहे हैं। दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद से बड़ी संख्या में युवा वीकेंड पर यहां पहुंचते हैं। कोई प्री-वेडिंग शूट करता है, कोई पार्टी, तो कई युवक नहाने के लिए पानी में उतर जाते हैं।

गर्मियों में बढ़ती है हादसों की संख्या

गर्मी का मौसम शुरू होते ही हादसों की संख्या बढ़ जाती है। सात दिन पहले दिल्ली के डेरा फतेहपुर निवासी 24 वर्षीय रमाशंकर की सिरोही झील में डूबने से मौत हो गई थी। वह दोस्तों के साथ घूमने आया था और झील की खूबसूरती देखकर पानी में उतर गया, लेकिन गहराई का अंदाजा नहीं लगा सका। इससे पहले अप्रैल में दिल्ली के 21 वर्षीय युवक अभिषेक की भी इसी इलाके में डूबने से मौत हुई थी। अरावली की ये झीलें कभी पत्थर खनन की साइट थीं। वर्ष 1991 में सुप्रीम कोर्ट और सरकार की सख्ती के बाद खनन पर रोक लगा दी गई, लेकिन गहरी खाइयों को भरा नहीं गया। समय के साथ इनमें बारिश का पानी भर गया और ये विशाल कृत्रिम झीलों में बदल गईं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वीकेंड पर बड़ी संख्या में युवक यहां शराब पार्टी करने पहुंचते हैं। कई लोग नशे की हालत में पानी में उतर जाते हैं, जबकि कुछ सेल्फी लेते समय फिसलकर हादसे का शिकार हो जाते हैं। वहीं फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए झीलों तक जाने वाले कई रास्तों को बंद कर दिया गया है। आसपास चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, जिनमें साफ लिखा गया है कि झील में प्रवेश करना जानलेवा हो सकता है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)           

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!