Edited By Krishan Rana, Updated: 09 May, 2026 03:27 PM

हरियाणा की अरावली पहाड़ियों के बीच स्थित झील इन दिनों लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र
हरियाणा डेस्क : हरियाणा की अरावली पहाड़ियों के बीच स्थित सिरोही झील इन दिनों लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। गर्मियों के मौसम में यहां सुबह से शाम तक पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है। नीले साफ पानी और पहाड़ों के खूबसूरत नजारों की वजह से लोग इसे ‘फरीदाबाद का छोटा लद्दाख’ भी कहने लगे हैं। यहां पर दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग घूमने, फोटोग्राफी करने और सोशल मीडिया के लिए रील्स बनाने पहुंच रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले यहां यह झील नहीं थी। वर्ष 2004-2008 के बीच इलाके में बड़े स्तर पर माइनिंग की गई थी। उस दौरान कॉमनवेल्थ गेम्स और कई निर्माण परियोजनाओं के लिए यहां से भारी मात्रा में पत्थर निकाले गए। लगातार खुदाई के कारण जमीन काफी गहरी हो गई और बाद में उसमें पानी भरने लगा। धीरे-धीरे यह जगह एक बड़ी झील में बदल गई। आपको बता दें कि इस झील की गहराई अब करीब 80 से 90 फीट तक पहुंच चुकी है।
फिल्मों और पंजाबी गानों की हो चुकी है शूटिंग
झील बनने के बाद ये जगह फिल्मों और म्यूजिक वीडियो की शूटिंग के लिए भी फेमस हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां कई पंजाबी गानों की शूटिंग हो चुकी है। साथ ही बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा की फिल्म किल दिल के कुछ सीन भी फिल्माए जा चुके थे। सोशल मीडिया पर वायरल होती रील्स ने इस जगह को काफी फेमस कर दिया है।
वीकेंड पर उमड़ती है भारी भीड़
बता दें कि हर दिन यहां करीब 500 से 700 लोग घूमने आते हैं। जब वीकेंड होता है तो यहां संख्या हजार के पार पहुंच जाती है। जो लोग पहाड़ी राज्यों में घूमने नहीं जा पाते, उनके लिए ये जगह किसी पर्यटन स्थल से कम नहीं मानी जाती। हालांकि प्रशासन और स्थानीय लोग लगातार पर्यटकों को झील में न उतरने की सलाह देते हैं। क्योंकि यहां कई दर्दनाक हादसे हो चुके हैं।
पानी को लेकर दी चेतावनी
स्थानीय लोगों का कहना है कि झील का पानी देखने में साफ जरूर लगता है, लेकिन यह पीने योग्य नहीं है। उनका कहना है कि माइनिंग के दौरान डायनामाइट और अन्य रसायनों के इस्तेमाल के कारण पानी खतरनाक हो सकता है। इसके बावजूद कई युवक पानी में उतर जाते हैं और हादसों का शिकार हो जाते हैं। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)