Edited By Saurabh Pal, Updated: 13 Jul, 2023 05:01 PM

आम आदमी पार्टी हरियाणा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने इन्द्री हल्के के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। इस मौके पर उनके साथ आप पार्टी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। गांव ब्याना में ट्रैक्टर से पहुंचे अनुराग ढांडा ने बाढ़ पीड़ित लोगों...
इंद्री (मैनपाल): आम आदमी पार्टी हरियाणा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने इन्द्री हल्के के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। इस मौके पर उनके साथ आप पार्टी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। गांव ब्याना में ट्रैक्टर से पहुंचे अनुराग ढांडा ने बाढ़ पीड़ित लोगों से बातचीत करके उनकी पीड़ा सुनी। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वाशन दिया कि उनकी पार्टी का हर कार्यकर्ता उनके बीच में रह कर हर प्रकार की मदद के लिए हर समय तैयार है।
इसके पश्चात आप नेता ढांडा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार प्रदेश में आई बाढ़ पर काबू पाने में पूरी तरह से नाकामयाब साबित हुई है। प्रदेश सरकार के जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी बाढ़ प्रभावित लोगों के संपर्क में नहीं हैं। इस बात को लेकर लोगों में रोष का माहौल है। सरकार को तुरंत अपने मंत्रियों, विधायकों व प्रशासनिक अधिकारियों को गांवों में भेजकर लोगों की सहायता करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रंबधन के लिए सरकार के पास हजारों करोड़ रूपयों का फंड होता है। यदि मानसून आने से पहले ही यमुना के निकटवर्ती तटबंधों की मरम्मत की गई होती तो यह बाढ़ कभी ना आती। सरकार सो रही थी। पानी के एकदम से आने से सरकार सोते-सोते पकड़ी गई है। इसके साथ ही ढांडा ने कहा कि बाढ़ के पानी से सडक़ें पूरी तरह से टूट चुकी हैं। आने जाने में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सहायता राशि लोगों तक पंहुच नहीं रही है। आम आदमी पार्टी शुरू से ही मांग कर रही है कि सरकार को जल्दी ही पीडि़त किसानों व आमजन के लिए मुआवजे की घोषणा करनी चाहिए।
ढांडा ने कहा कि किसान कर्ज लेकर फसल लगाता है। ऐसे में सरकार को पानी से बर्बाद हुई फसलों की गिरदावरी करवाकर व क्षतिग्रस्त मकानों की जांच करवा कर तुरंत मुआवजा देना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने का प्रमुख कारण यमुना में अत्यधिक मात्रा में अवैध खनन का होना बताया। अनुराग ने कहा कि यमुना नदी में जरूरत से ज्यादा खनन हो रहा है। जिस कारण बारिश का पानी निकालने वाले ड्रेन बंद हो रहे हैं।
पानी ड्रेन में से ना होकर लोगों के खेतों में होकर जा रहा है। यह प्राकृतिक आपदा नहीं बल्कि कृत्रिम आपदा बन गई है। सरकार की नाकामयाबी की वजह से यह आपदा आई है। यदि बरसाती नाले व ड्रेन ठीक हालत में होते तो यह बाढ़ ना आती। साथ ही उन्होंने बताया कि दिल्ली में पानी की यहीं स्थिति है। यमुना नदी का जलस्तर 208 फुट से ऊपर चल रहा है ऐसे में दिल्ली सरकार ने आपदा प्रबंधन के इंतजाम पानी आने से पहले ही पूरे कर लिए हैं। लोगों को सचेत कर दिया गया है ओर मुख्यमंत्री खुद इस आपदा प्रबंधन को देख रहे हैं।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)