Edited By Manisha rana, Updated: 25 Jul, 2025 01:53 PM

दिल्ली रोहतक नेशनल हाईवे पर स्थित रोहद टोल प्लाजा पर लोकल वाहनों से शुल्क वसूलने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सांपला के लोगों ने रोहद टोल प्लाजा पर पहुंचकर टोल की सभी लाइन फ्री कर दी।
बहादुरगढ़ (प्रवीण धनखड़) : दिल्ली रोहतक नेशनल हाईवे पर स्थित रोहद टोल प्लाजा पर लोकल वाहनों से शुल्क वसूलने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सांपला के लोगों ने रोहद टोल प्लाजा पर पहुंचकर टोल की सभी लाइन फ्री कर दी। जिसके चलते 2 घंटे से ज्यादा समय तक टोल प्लाजा पर वाहनों से शुल्क नहीं वसूला जा सका। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, ग्रामीणों को समझाने बुझाने का प्रयास किया गया मगर ग्रामीण नहीं माने।

सांपला के लोगों का कहना है कि रोहद टोल प्लाजा उनके क्षेत्र से सटा हुआ है। उन्हें रोजाना काम के लिए टोल प्लाजा से होकर गुजरना पड़ता है। टोल प्लाजा पर उन्हें छूट नहीं दी जा रही। उनके प्राइवेट और कमर्शियल वाहनों से दिन में कई बार टोल वसूला जाता है। लोगों का आरोप है कि टोल के कर्मचारी उनसे बदतमीजी से बात करते हैं और झगड़ा करने पर भी उतारू हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि रोहद टोल प्लाजा पर साथ लगते गांव के वाहनों से टोल नहीं वसूला जाता। सांपला भी टोल के पास ही स्थित है। इसके बावजूद उनके वाहनों से टोल वसूला जा रहा है। लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार टोल प्लाजा के अधिकारियों से इस संबंध में बातचीत की है। मगर कोई समाधान नहीं निकला। इसी के चलते आज रोहद टोल प्लाजा पर वाहनों से शुल्क वसूलने नहीं दिया जा रहा। लोगों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनके लोकल वाहनों से टोल टैक्स वसूली बंद नहीं होगी तब तक वह धरना जारी रखेंगे।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों को समझाने बुझाने का प्रयास करते रहे। कई दौर की बातचीत के बावजूद भी कोई समाधान नहीं निकला। ग्रामीण अभी भी टोल पर धरना लगाए हुए बैठे हैं और यहां से होकर गुजरने वाले किसी भी वाहन से टोल कर्मचारियों को शुल्क वसूलने नहीं दे रहे। ऐसे में अब देखना यह होगा कि टोल कंपनी और ग्रामीणों के बीच कब तक आपसी सहमति बनती है या फिर यह धरना ऐसे ही जारी रहने वाला है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)