अनिल विज ने कांग्रेस पार्टी पर साधा निशाना, बोले- जनता को बेवजह के नारों और आश्वासनों में उलझाकर रखा

Edited By Manisha rana, Updated: 01 Mar, 2026 02:36 PM

anil vij targeted the congress party

सत्र के दौरान विपक्ष के सामने सरकार की मजबूत दीवार बनकर आंकड़ों और तथ्यों के साथ सुरक्षा करने वाले प्रदेश के बेहद बेबाक नेता इस बार विधानसभा सत्र में  शामिल नहीं हो पाएंगे।

चंडीगढ़ (धरणी) : सत्र के दौरान विपक्ष के सामने सरकार की मजबूत दीवार बनकर आंकड़ों और तथ्यों के साथ सुरक्षा करने वाले प्रदेश के बेहद बेबाक नेता इस बार विधानसभा सत्र में  शामिल नहीं हो पाएंगे। क्योंकि उनके दोनों पैरों मे फ्रैक्चर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें लंबे आराम की सलाह दी है। पंजाब केसरी ने उनके घर पर उनसे बातचीत की। जिस दौरान उन्होंने बताया कि वह सत्र को घर से ही वॉच करने को मजबूर हैं क्योंकि उन्हें चलने फिरने की मनाही है। कई अहम विषयों पर उनसे बातचीत के कुछ अंश आपके सामने प्रस्तुत है:-

प्रश्न : आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब केसरी ग्रुप पर जो नाजायज शिकंजा कसने की कोशिश की, इस घटनाक्रम पर आप क्या सोचते हैं ?
उत्तर:- पंजाब सरकार की यह घटिया हरकत है। प्रजातंत्र में मीडिया का भी एक बड़ा रोल है। मीडिया को भी बाकी तीन स्तंभों की तरह उतने ही सम्मान से देखा जाता है। एमरजेंसी के दौरान इंदिरा गांधी ने भी प्रेस पर प्रतिबंध लगाने की भरपूर कोशिश की थी और जिसका अंजाम उसे भुगतना पड़ा। उसकी राजनीति की धज्जियां उड़ गई थी। आम आदमी पार्टी को भी पंजाब केसरी के खिलाफ इस घटिया हरकत के कारण बहुत बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

प्रश्न : सेशन के दौरान आपकी मौजूदगी बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है, लेकिन इस सेशन में आप नहीं जा पा रहे ?
उत्तर:-
मैं खुद समझता हूं कि सदन के दौरान कई बार मेरी जरूरत रहती है और हम लंबा इंतजार करते हैं कि सत्र आए। लेकिन मजबूरी है मैं खड़ा भी नहीं हो पा रहा, इसलिए सदन में जाना मुश्किल है। पहले भी कई बार तकलीफ आई, लेकिन फिर भी मैं गया। एक बार पैर में चोट आई थी मैं सहारा लेकर भी वहां जाता था। अब दोनों पैरों में चोट है, मैं नहीं जा सकता।

प्रश्न : पंजाब की गरमाई राजनीति के बीच कल राहुल गांधी ने वहां हरियाणा - पंजाब के कांग्रेसी नेताओं को संदेश दिया कि प्लेयर बनो नहीं तो बाहर बिठा दिए जाओगे ?
उत्तर:-
राहुल गांधी अपनी पार्टी के लिए ही सबसे बड़े घातक हैं। वह जहां-जहां जाते हैं कांग्रेस का सफाया हो जाता है। लगभग 95 चुनाव इनकी वजह से कांग्रेस हार चुकी है। वैसे भी पंजाब में तो कांग्रेस खत्म हो चुकी है, देश में भी कांग्रेस खत्म हो चुकी है। क्योंकि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति का कल्चर चेंज किया है। कांग्रेस पिछले 60-70 साल की अपनी राजनीति के दौरान केवल जनता को गुमराह करती रही। बेवजह के नारे और आश्वासन देती रही। इससे हटकर नरेंद्र मोदी ने विकास की राजनीति शुरू की है। विकास करके दिखाया है। जिस वक्त नरेंद्र मोदी की सरकार बनी, हिंदुस्तान अर्थव्यवस्था में 14वें नंबर पर था, जोकि आज तीसरे नंबर पर नरेंद्र मोदी ने पहुंचाया है और आगे का भी रोडमैप तैयार है। 2047 तक जब देश आजाद हुए 100 साल हो जाएंगे भारत पूरी तरह से विकसित देश होगा। आज तक बड़े-बड़े ज्ञानी, पढ़े लिखे प्रधानमंत्री बने लेकिन किसी ने भी इस दिशा में कोशिश नहीं की। हमसे बाद अनेकों देश आजाद हुए जो आज विकसित देशों की श्रेणी में है। लेकिन हम आज भी विकासशील देशों की गिनती में है। इसी कारण से भारत की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास करती है। जहां-जहां चुनाव हो रहे हैं वहां बीजेपी जीत रही है। आगे बंगाल व पंजाब में भी भारतीय जनता पार्टी जीत दर्ज करेगी।

प्रश्न : राजनीतिक रूप से बड़ा अनुभव वाले आप नेता हैं, सात बार के विधायक हैं, लेकिन पंजाब में बीजेपी की जीत किस आधार पर मानते हैं ?
उत्तर:-
पंजाब के लोग भी देश की राजनीति को देखते हैं। इसका असर उनके ऊपर भी है। हाल ही में कुछ सर्वे हुए जिसमें भाजपा एक बड़ी पोजीशन पर थी और पंजाब के लोग कहते हैं कि हम सभी पार्टियों को देख चुके हैं एक मौका भारतीय जनता पार्टी को भी वह लोग देना चाहते हैं।

प्रश्न : केजरीवाल को शराब घोटाले में दिल्ली की एक अदालत ने क्लीन चिट दी, जिससे केजरीवाल की टीम काफी उत्साहित है, आप क्या कहेंगे ?
उत्तर:-
अभी उच्च न्यायालय में फैसला होना है। अभी यह फैसला अंतिम नहीं है। इसलिए नाचने और भांगड़े डालने की बात नहीं है। अंतिम अदालत में जो फैसला आएगा तब पता चलेगा कि इन्होंने क्या-क्या किया है।

प्रश्न : हरियाणा के मुख्यमंत्री ही वित्त मंत्री हैं जो बजट पेश करेंगे, किस प्रकार के बजट की आप उम्मीद करते हैं ?
उत्तर:-
बहुत अच्छा बजट पेश किया जाएगा। क्योंकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्री बजट की बहुत तैयारी की है। उन्होंने अनेकों व्यापारिक- सामाजिक संगठनों से, विधायकों से, राजनीतिक लोगों से फीडबैक ली है। वह उसके बाद ही बजट पेश कर रहे हैं। यह बजट भी मोदी की विचारधारा की तरह प्रदेश को विकास की ओर बढ़ता नजर आएगा।

प्रश्न : आपने अपने तीन विभागों ऊर्जा- श्रम और परिवहन के लिए किस प्रकार का बजट मांगा है ?
उत्तर:-
मैं बहुत कुछ करना चाहता हूं। विशेष तौर पर इस बजट में मैंने सभी सरकारी भवनों पर इस साल के अंत तक सोलर पैनल लगाए जाने के लिए हर विभाग को बजट दिए जाने की बात रखी है ताकि देश जो इस दिशा में आगे बढ़ रहा है, हम भी उसमें सबसे टॉप पर आगे जाकर खड़े हो सके। हम ग्रामीण उपभोक्ताओं को 22 घंटे व शहरी उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली दे रहे हैं। लेकिन ओर सुधार हो सकता है। समय पर अपग्रेडेशन जरूरी है। कंडक्टर कब के डले हुए हैं, आज कैपेसिटी बढ़ चुकी है, ट्रांसफार्मर भी अपग्रेड होने चाहिए, ओर सब स्टेशन लगाने जरूरी हैं, यह सब डाटा बनाकर मैने दिया हुआ है बेशक मैं सत्र में बेशक नहीं हूं।

प्रश्न : आपके पैरों में फ्रैक्चर है, चिकित्सकों ने क्या सलाह दी है ?
उत्तर:-  फिलहाल प्लसतर किया है। 10-12 दिनों तक कच्चा प्लास्टर किया गया था, स्वेलिंग उतरी अब पक्का प्लास्टर चढ़ा है। कम से कम 1 महीने का रेस्ट बोला है। ठीक होते ही फिर लगेंगे देश - प्रदेश और जनता की सेवा में।  

प्रश्न : आईडीएफसी फर्स्ट घोटाले को लेकर क्या कहेंगे ?
उत्तर:-
आईडीएफसी फर्स्ट घोटाला एक गंभीर विषय है। लेकिन मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जो कदम उठाए उसकी तारीफ होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए इंक्वायरी कमेटी गठित करने के आदेश दिए, जिसके बाद विजिलेंस ने कई लोगों को अरेस्ट भी किया। इस मामले में ऊपर से नीचे तक कौन कौन शामिल है, किसके तार कहां जुड़े हैं और इन लोगों को किसका आशीर्वाद प्राप्त है सबकी जांच होगी। जो कोई भी चाहे वो कितने बड़े स्तर का व्यक्ति हो उसे उसकी सजा जरूर मिलेगी। कोई बात सामने आती है तो ही रास्ता दिखता है कि आगे क्या करना है। सरकार ने तुरंत फैसला लिया है कि आगे से केवल राष्ट्रीय बैंकों में ही खाते खोले जाएंगे।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!