हरियाणा बोर्ड परीक्षा: जुलाना में चपड़ासी के फोन में मिले हिंदी के प्रश्नों के उत्तर, शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप

Edited By Manisha rana, Updated: 01 Mar, 2026 09:23 AM

answers to hindi questions found in peon s phone in julana

जुलाना क्षेत्र के झमोला गांव स्थित स्कूल में दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा के दौरान बड़ा मामला सामने आया है। परीक्षा केंद्र पर तैनात एक चपड़ासी के मोबाइल फोन में प्रश्नपत्र के उत्तर मिलने से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।

जुलाना (विजेंद्र सिंह) : जुलाना क्षेत्र के झमोला गांव स्थित स्कूल में दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा के दौरान बड़ा मामला सामने आया है। परीक्षा केंद्र पर तैनात एक चपड़ासी के मोबाइल फोन में प्रश्नपत्र के उत्तर मिलने से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही केंद्र अधीक्षक ने पुलिस को शिकायत दी, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार शनिवार को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित दसवीं कक्षा का हिंदी विषय का पेपर चल रहा था। परीक्षा दोपहर के सत्र में शांतिपूर्ण तरीके से चल रही थी। इसी दौरान बोर्ड द्वारा गठित फ्लाइंग की टीम करीब तीन बजे अचानक केंद्र पर पहुंची और औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम की नजर केंद्र पर कार्यरत चपड़ासी सुरेंद्र पर पड़ी, जो अपने पास मोबाइल फोन रखे हुए था। परीक्षा केंद्र में ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन रखना नियमों के विरुद्ध है। संदेह होने पर फ्लाइंग टीम ने उसका मोबाइल फोन चेक किया। 

जांच के दौरान मोबाइल की गैलरी में कोड ‘डी’ के प्रश्नपत्र से संबंधित उत्तर पाए गए। इससे टीम के सदस्यों ने मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत केंद्र अधीक्षक को इसकी जानकारी दी। केंद्र अधीक्षक राममेहर ने आरोपी चपड़ासी सुरेंद्र के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि परीक्षा की गोपनीयता भंग करने का प्रयास किया गया है, जो बोर्ड के नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

थाना प्रभारी विक्रम जोशन ने बताया कि मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। यह भी जांच की जा रही है कि प्रश्नों के उत्तर मोबाइल में कैसे और किस माध्यम से पहुंचे तथा क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के ​खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 

 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!