Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 15 Aug, 2025 11:37 AM

आज का यह दिन किसी कैलेंडर की तारीख नहीं बल्कि करोड़ों भारतीयों का दिल है। यह हमें याद दिलाता है कि मां भारती के असंख्य वीरों ने अपने प्राणों का बलिदान देकर हमें आजादी दिलाई।
गुड़गांव, (ब्यूरो): आज का यह दिन किसी कैलेंडर की तारीख नहीं बल्कि करोड़ों भारतीयों का दिल है। यह हमें याद दिलाता है कि मां भारती के असंख्य वीरों ने अपने प्राणों का बलिदान देकर हमें आजादी दिलाई। मां शीतला और गुरुद्रोण की धरती से वीरों की को नमन करते हुए कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि आज इन्हीं वीरों की बदौलत हम आजादी की सांस ले रहे हैं।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें।
आज पूरा देश तिरंगामय है। हर कौने में देशभक्ति की गूंज है। उन्होंने सभी ज्ञात और अज्ञात शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि जब जब दुश्मन ने भारत की अस्मिता काे चोट पहुंचाने का प्रयास किया तब -तब हमारे जवानों ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए कहा कि आतंकियों ने भारत की आत्मा को चोट पहुंचाई थी जिसका मुंहतोड़ जवाब दिया गया। आतंकियों के ठिकानों को उनके घर में घुसकर ध्वस्त किया गया। हाल ही में चलाए गए ऑपरेशन महादेव में भी पहलगाम हमले में शामिल आतंकियों को समाप्त करने का काम किया है।
मंत्री ने कहा कि आज पूरा देश इस आजादी के महापर्व को मना रहा है। उन्होंने कहा कि भारत अपने इस स्वतंत्रता की 100वीं वर्षगांठ पर विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए अग्रसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस सपने को साकार करने के लिए सभी प्रदेशों की सरकार जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं है जब भारत विश्व की सबसे बड़ी शक्ति बनकर उभरेगा। उन्होंने गुड़गांव निवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं भी दी।
इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया। वहीं, शहीदों के परिजनों को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए जिन्हें कार्यक्रम में मौजूद मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों ने खूब सराहा। मंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को 3 लाख रुपए देने की घोषणा भी की।