Edited By Gaurav Tiwari, Updated: 02 Mar, 2026 08:11 PM

भारत के उभरते हुए डिफेंस उद्यमी साहिल लूथरा के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय जबरन वसूली सिंडिकेट का हमला अब एक बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है।
गुड़गांव ब्यूरो : भारत के उभरते हुए डिफेंस उद्यमी साहिल लूथरा के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय जबरन वसूली सिंडिकेट का हमला अब एक बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। इस मामले में उन्होंने दिल्ली पुलिस में केस दर्ज कराया था, लेकिन धमकियां अब भी मिल रही हैं। इस मामले में उन्होंने फिर से दिल्ली पुलिस को मेल कर शिकायत की है।
गैंगस्टर ने न केवल साहिल लूथरा को जान से मारने की धमकी दी है, बल्कि उनकी सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए कहा है कि सुरक्षा होने के बावजूद उन्हें निशाना बनाया जाएगा। दिल्ली के चाणक्यपुरी थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर के बाद भी लूथरा को 26 फरवरी को दो अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय नंबरों (पुर्तगाल और जर्मनी) से कॉल आए। इन कॉल करने वालों ने बड़ी बेबाकी से स्वीकार किया कि 29 नवंबर 2025 को उनके अमृतसर स्थित आवास पर हुई फायरिंग के पीछे उन्हीं का हाथ था। इस मामले में उन्होंने दिल्ली पुलिस आयुक्त को मेल भेजकर शिकायत की है।
लूथरा का कहना है कि हमलावरों ने कॉल पर कहा है कि वे अब हवा में या घर के बाहर फायरिंग नहीं करेंगे, अब वह सीधे उनको टारगेट करेंगे और गोली मारेंगे।" हमलावरों ने यह भी कहा कि वे उनको मिली पुलिस सुरक्षा से पूरी तरह वाकिफ हैं, लेकिन यह उन्हें रोकने के लिए काफी नहीं है। बता दें कि विजयन त्रिशूल डिफेंस सॉल्यूशंस (VTDS) के एमडी साहिल लूथरा से अगस्त 2025 में 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। उनके अमृतसर आवास पर 29-30 नवंबर 2025 की रात को फायरिंग हुई थी। दिल्ली और पंजाब पुलिस ने इस मामले में FIR No. 120/2025 (चाणक्यपुरी) और FIR No. 173/2025 (रणजीत एवेन्यू, अमृतसर) दर्ज की है।