जेल में महिला कैदियों के लिए स्किल डेवलपमेंट और स्वास्थ्य सुविधाएं हों बेहतर : रेणु भाटिया

Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 04 Aug, 2025 04:21 PM

women commission president visited bhondsi jail

हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने सोमवार को भोंडसी जेल का दौरा कर जेल प्रशासन द्वारा महिला कैदियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला बंदियों की मूलभूत आवश्यकताओं, स्वच्छता, पोषण और पुनर्वास से...

गुड़गांव, (ब्यूरो): हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने सोमवार को भोंडसी जेल का दौरा कर जेल प्रशासन द्वारा महिला कैदियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला बंदियों की मूलभूत आवश्यकताओं, स्वच्छता, पोषण और पुनर्वास से जुड़ी योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें। 

 

निरीक्षण के दौरान रेणु भाटिया सबसे पहले जेल की किचन पहुंचीं, जहां उन्होंने वहां तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की और संतोष व्यक्त किया। उन्होंने भोजन बनाने की प्रक्रिया, सामग्री की स्वच्छता और बंदियों को दिए जाने वाले भोजन के पोषण मूल्य की जानकारी ली। इसके पश्चात महिला आयोग अध्यक्ष ने महिला बैरक का दौरा किया। यहां उन्होंने महिला बंदियों से सीधे संवाद कर उनके स्वास्थ्य, रहन-सहन और मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि महिला बंदियों के लिए वातावरण ऐसा होना चाहिए जो उन्हें मानसिक शांति दे और सुधार की दिशा में प्रेरित करे।

 

महिला बैरक में स्थापित नर्सरी क्रेच का निरीक्षण करते हुए रेणु भाटिया ने छोटे बच्चों को फूड पैकेट्स वितरित किए और उनके पोषण स्तर की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने जेल के सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का दौरा कर वहां चल रहे स्किल डेवलपमेंट प्रयासों की सराहना की। उन्होंने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि यहां आने वाली सभी महिला बंदियों को किसी न किसी व्यावसायिक या तकनीकी क्षेत्र में प्रशिक्षित किया जाए, जिससे वे सजा पूरी होने के बाद आत्मनिर्भर बन सकें। चिकित्सा कक्ष के निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला बंदियों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड, जांच सुविधा और दवा वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। महिला आयोग अध्यक्ष ने कहा कि वे सिविल सर्जन गुरुग्राम को पत्र लिखकर आग्रह करेंगी कि जेल में सप्ताह में कम से कम एक दिन स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियमित विजिट सुनिश्चित की जाए, ताकि महिला कैदियों की नियमित जांच और इलाज समय पर हो सके।

 

रेणु भाटिया ने यह भी सुझाव दिया कि बंदियों को आध्यात्मिक गतिविधियों से भी जोड़ा जाए ताकि वे मानसिक रूप से सशक्त बनें। साथ ही उन्होंने कहा कि हाल ही में जेल में आई महिला बंदियों को कानूनी सहायता और उनके अधिकारों के बारे में भी समय-समय पर जागरूक किया जाना चाहिए। निरीक्षण उपरांत उन्होंने कहा कि जेल परिसर में साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता और कौशल विकास प्रशिक्षण की व्यवस्था सराहनीय है। इस अवसर पर जेल अधीक्षक नरेश कुमार, उप अधीक्षक (सिक्योरिटी) संदीप कुमार, उप अधीक्षक (एडमिनिस्ट्रेशन) सत्यभान, उप अधीक्षक (वेलफेयर) संदीप डांगी, डॉ पूजा सहित जेल से अन्य स्टाफ मौजूद रहा।




 

Trending Topics

IPL
Royal Challengers Bengaluru

190/9

20.0

Punjab Kings

184/7

20.0

Royal Challengers Bengaluru win by 6 runs

RR 9.50
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!