Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 12 May, 2026 09:15 PM

गांव शंकर की ढाणी में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। 22 वर्षीय युवती की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी गई और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसके शव को कमरे में रखे बेड के बॉक्स के अंदर छिपा दिया गया।
गुड़गांव, (ब्यूरो): गांव शंकर की ढाणी में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। 22 वर्षीय युवती की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी गई और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसके शव को कमरे में रखे बेड के बॉक्स के अंदर छिपा दिया गया। पुलिस ने सोमवार रात करीब 12 बजे बिस्तर के अंदर से युवती का शव बरामद किया। हत्या का आरोप युवती के सगे मामा के लड़के पर लगा है, जो घटना के बाद से ही फरार है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, मृतक युवती सोनी के भाई दलीप कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी देवेश उनका ममेरा भाई है। लगभग पांच साल पहले देवेश ने सोनी को अच्छी नौकरी लगवाने का लालच दिया था और इसी बहाने धोखे से उससे कोर्ट मैरिज के कागजों पर हस्ताक्षर करवा लिए थे। भाई का आरोप है कि तभी से देवेश सोनी को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान कर रहा था। वह उस पर अपना अधिकार जमाता था, जिससे सोनी काफी तनाव में रहती थी।
परिजनों का आरोप है कि सोमवार की रात विवाद बढ़ने पर देवेश ने सोनी की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने शव को कमरे में ही मौजूद बेड के अंदर डाल दिया ताकि किसी को शक न हो और वह मौके से भाग निकला। सोनी की सहेलियों को जब कुछ संदिग्ध लगा, तो उन्होंने तुरंत इसके बारे में परिजनों और स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही आईएमटी मानेसर थाना पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच और एफएसएल की फोरेंसिक टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। रात करीब 12 बजे बेड खोलकर देखा गया तो अंदर सोनी का शव मिला। एफएसएल टीम ने मौके से उंगलियों के निशान और अन्य महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
आईएमटी मानेसर पुलिस ने दलीप कुमार की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उसे काबू कर लिया जाएगा। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल पाएगा।