Edited By Krishan Rana, Updated: 10 Apr, 2026 08:35 PM

पानीपत में बचपन को मजदूरी की भट्टी से बचाने के लिए पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने ऑपरेशन स्माइल के तहत एक
पानीपत (सचिन शर्मा) : पानीपत में बचपन को मजदूरी की भट्टी से बचाने के लिए पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने ऑपरेशन स्माइल के तहत एक कार्रवाई की है। पुलिस ने शहर के विभिन्न ढाबों और दुकानों पर छापामारी कर 5 नाबालिग बच्चों को बाल श्रम की बेड़ियों से मुक्त कराया है। इसके साथ ही टीम ने भीख मांगने वाले 30 बच्चों को भी रेस्क्यू कर उनके पीछे सक्रिय गिरोह की जांच शुरू कर दी है।
गोहाना रोड और कृष्णपुरा मार्केट में छापेमारी
क्राइम ब्रांच टीम के इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि शुक्रवार को विशेष अभियान के तहत गोहाना रोड और कृष्णपुरा मार्केट में दबिश दी गई। इस दौरान 8 से 13 साल की उम्र के पांच बच्चों को दुकानों और ढाबों से काम करते हुए पाया गया। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इन मासूमों को वहां से रेस्क्यू किया और उनके परिजनों को मौके पर बुलाया।
3 से 5 हजार में 10 घंटे काम
पूछताछ के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। बच्चों और दुकानदारों ने कबूल किया कि इन मासूमों से दिन में 10-10 घंटों से अधिक काम लिया जाता था और इसके बदले उन्हें महीने के मात्र 3 से 5 हजार रुपए वेतन दिया जाता था। इतनी कम उम्र में बच्चों का इस तरह का आर्थिक और शारीरिक शोषण कानूनन अपराध है।
दोषियों पर जेजे एक्ट के तहत शिकंजा
इंस्पेक्टर संदीप कुमार के अनुसार, बाल श्रम करवाने वाले ढाबा और दुकान मालिकों के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस (JJ) एक्ट और चाइल्ड लेबर एक्ट के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
भिक्षावृत्ति गिरोह पर भी कड़ा प्रहार
ऑपरेशन स्माइल के तहत केवल बाल श्रम ही नहीं, बल्कि भिक्षावृत्ति के खिलाफ भी अभियान तेज कर दिया गया है। पुलिस अब तक शहर के विभिन्न चौराहों से 30 बच्चों को भीख मांगते हुए रेस्क्यू कर चुकी है। पुलिस अब उस गिरोह का पता लगाने में जुटी है जो इन मासूमों से जबरन भीख मंगवाता है।
शहरभर में जारी रहेगा अभियान
क्राइम ब्रांच ने चेतावनी दी है कि ऑपरेशन स्माइल के तहत शहर के हर उस ठिकाने पर छापामारी की जाएगी जहां बाल श्रम की आशंका है। पुलिस का लक्ष्य पानीपत को बाल श्रम और भिक्षावृत्ति से मुक्त बनाना है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)