Edited By Isha, Updated: 10 Apr, 2026 04:11 PM

हरियाणा के जुलाना थाना क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला प्रकाश में आया है। यहाँ एक कलयुगी चाचा ने अपनी ही 10 साल की मासूम भतीजी को अपनी हवस का शिकार बनाया।
जुलाना (विजेन्दर): हरियाणा के जुलाना थाना क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला प्रकाश में आया है। यहाँ एक कलयुगी चाचा ने अपनी ही 10 साल की मासूम भतीजी को अपनी हवस का शिकार बनाया। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मां की अनुपस्थिति में दिया वारदात को अंजाम
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़िता की मां 9 अप्रैल को अपने मायके गई हुई थी। घर पर उसकी 10 वर्षीय बेटी और पति मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी चाचा ने बच्ची के साथ घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता के पिता ने अपनी पत्नी को फोन कर इस खौफनाक हरकत की जानकारी दी।
धमकी देकर मासूम को डराया
जब मां तुरंत घर पहुँची, तो बच्ची ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि उसके चाचा ने उसके साथ गलत काम किया है। इतना ही नहीं, आरोपी ने मासूम को डराया और धमकी दी कि यदि उसने यह बात किसी को बताई, तो वह उसे जान से मार देगा।
पुलिस की कार्रवाई
जुलाना थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को कल रात इस संबंध में शिकायत मिली थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची की मां के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।